पृथ्वी शॉ और आकृति अग्रवाल की लव स्टोरी में नया मोड़, सगाई टूटने के बाद फिर हुए एक, दोनों करेंगे अब शादी
भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शॉ की निजी जिंदगी से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। कुछ हफ्ते पहले सगाई टूटने के बाद पृथ्वी शॉ और आकृति अग्रवाल ने अपने रिश्ते को एक और मौका देने का फैसला किया है। दोनों ने 12 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर बयान साझा कर इसकी जानकारी दी। खास बात यह है कि इस बार पृथ्वी और आकृति, दोनों ने माना कि उनके रिश्ते में आई दूरी के बीच करीबी लोगों की राय का असर पड़ा था।
आकृति ने अपने बयान में कहा कि उन्होंने सगाई खत्म करने का फैसला लेते समय उन लोगों की बातों को ज्यादा महत्व दिया, जिन्हें वह अपने रिश्ते के बारे में उनसे भी ज्यादा जानने वाला समझ बैठी थीं। वहीं, पृथ्वी ने भी माना कि वह दूसरों की सलाह से प्रभावित हुए और उन्हें कोई फैसला लेने से पहले आकृति से खुलकर बात करनी चाहिए थी।

आकृति ने क्या कहा?
आकृति अग्रवाल ने अपने इंस्टाग्राम बयान को 'पर्सनल क्लैरिफिकेशन' नाम दिया। उन्होंने बताया कि सगाई तोड़ने का फैसला लेते समय करीबी लोगों की राय ने पृथ्वी और उनके रिश्ते को लेकर उनकी सोच को प्रभावित किया था।
आकृति ने अपने फैसले की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि उन्होंने वह ईमानदार बातचीत किए बिना निर्णय ले लिया, जो दोनों के बीच होनी चाहिए थी। उन्होंने यह भी माना कि उनके फैसले से जो तकलीफ हुई, उसकी जिम्मेदारी वह लेती हैं।
आकृति ने आगे बताया कि इसके बाद दोनों ने खुलकर बातचीत की, एक-दूसरे के नजरिए को समझा और फिर साथ रहने का फैसला किया। उन्होंने लिखा कि साथ मिलकर हम एक-दूसरे के लिए काफी हैं और हमें किसी और की जरूरत नहीं है। आकृति ने कहा कि इस बार वह अपने भविष्य को आपसी समझ, भरोसे और प्यार के आधार पर आगे बढ़ाना चाहती हैं। उन्होंने लोगों से उनके फैसले का सम्मान करने और निजी जिंदगी में दखल न देने की अपील भी की।
पृथ्वी शॉ ने भी मानी अपनी गलती
पृथ्वी शॉ ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपने रिश्ते को लेकर सफाई दी। उन्होंने माना कि लोगों की राय से प्रभावित होकर उन्होंने सगाई खत्म करने का फैसला किया था। उनके मुताबिक कुछ लोगों की बातों का उनके रिश्ते पर जरूरत से ज्यादा असर पड़ा और इसी वजह से वह सही रास्ते से भटक गए।
पृथ्वी ने कहा कि दोनों के बीच बातचीत होनी चाहिए थी और वह अपने फैसले से हुई परेशानी की पूरी जिम्मेदारी लेते हैं। उन्होंने आगे बताया कि बातचीत के बाद दोनों ने एक-दूसरे को समझा और फिर साथ आने का निर्णय किया।
मार्च में हुई थी सगाई, सितंबर में अलग होने का किया था ऐलान
पृथ्वी शॉ और आकृति अग्रवाल ने 8 मार्च 2026 को अपनी सगाई की घोषणा की थी। पृथ्वी ने उस समय सगाई की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की थीं। उन्होंने अपने रिश्ते को अपनी 'परफेक्ट पारी' बताया था। कुछ महीनों बाद उनके रिश्ते में अनबन की खबरें सामने आने लगीं। 17 सितंबर को आकृति ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर अलग होने की जानकारी दी थी।


Click it and Unblock the Notifications
