क्या इस मामले में हरभजन सिंह की होगी गिरफ्तारी? विकलांग महिला खिलाड़ी ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2024 के फाइनल मैच में इंडिया चैंपियंस ने पाकिस्तान चैंपियंस को हराकर खिताब जीत लिया। इस जीत के बाद हरभजन सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जोकि अब एक नए विवाद को लेकर सुर्खियों में है। इस मामले में बात पुलिस में शिकायत तक पहुंच गई है।
दरअसल, इंस्टाग्राम पर शेयर की गई वीडियो में कथित तौर पर दिव्यांगों का 'मजाक' उड़ाने के मामले में पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह, सुरेश रैना, युवराज सिंह और गुरकीरत मान के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।

पैरा एथलीट सुवर्णा राज ने अपनी फेसबुक पोस्ट में कहा कि, 'एक विकलांग महिला और पैरा एथलीट के रूप में, मैं पूर्व क्रिकेटरों हरभजन सिंह, युवराज सिंह और सुरेश रैना के हाल के कार्यों से बहुत आहत और अपमानित महसूस कर रही हूं।'
उन्होंने आगे लिखा, 'उनका मज़ाक उड़ाने वाला वीडियो, जो विकलांग व्यक्तियों की हरकतों की नकल करता है, न केवल असंवेदनशील है, बल्कि विकलांग व्यक्तियों के अधिकार अधिनियम, 2016 की धारा 92 का उल्लंघन भी है, और सोनी पिक्चर्स फिल्म्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (2004 एससीसी ऑनलाइन एससी 1639) के खिलाफ मामले में स्थापित सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करता है।'
नोएडा पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
उन्होंने कहा कि, 'यह व्यवहार पूरे विकलांग समुदाय और पैरा स्पोर्ट्स खिलाड़ियों की गरिमा का अनादर करता है और उसे कमज़ोर करता है। यह एक महत्वपूर्ण सवाल उठाता है: क्या ये क्रिकेटर वास्तव में राष्ट्रवादी हैं यदि वे अपने साथी नागरिकों का अनादर करते हैं? हमें सार्वजनिक हस्तियों को उनके कार्यों के लिए जवाबदेह ठहराना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वे सकारात्मक उदाहरण पेश करें। मैंने इस मामले में नोएडा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।'
हरभजन सिंह मांग चुके हैं माफी
दूसरी ओर हरभजन सिंह ने ट्विटर पर स्टेटमेंट देते हुए लिखा, 'मैंने इंग्लैंड में हुई वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स ट्रॉफी जीतने के बाद एक वीडियो शेयर किया था, जिन भी लोगों को उससे आपत्ति है, मैं उन सबको बता देना चाहता हूं कि हम किसी की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाना चाहते थे। हम हर एक व्यक्ति और पूरे समाज का आदर करते हैं। मैंने जो वीडियो शेयर किया था, वह केवल 15 दिन क्रिकेट खेलने के बाद हमारे शरीर थकान को जाहिर करने के लिए था।'
ये भी पढ़ें- India Squad: श्रीलंका दौरे के लिए हार्दिक और सूर्या नहीं इस स्टार को मिलेगी कमान? कुछ देर में हो सकता है ऐलान
हरभजन ने आगे कहा कि, 'हमारा शरीर बहुत दर्द कर रहा था, हम किसी का अपमान नहीं करना चाहते थे, फिर भी अगर आपको लगता है कि हम गलत हैं तो मैं सबसे माफी मांगता हूं। कृपया इस मामले को यहीं खत्म करें और अपने जीवन में आगे बढ़ें. सभी खुश रहें और स्वस्थ रहे मेरी तरफ से सबको प्यार।'












Click it and Unblock the Notifications