PCB के नए चीफ नजम सेठी ने सरकार के प्रति दिखाई वफादारी, भारत-पाकिस्तान क्रिकेट संबंधों पर दी प्रतिक्रिया
नजम सेठी को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्हें रमीज राजा की जगह यह जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने पहली बार भारत-पाकिस्तान क्रिकेट संबंधों पर प्रतिक्रिया दी है।

भारत-पाकिस्तान के बीच खराब हो चुके क्रिकेट संबंधों पर पीसीबी के नए चीफ नजम सेठी ने पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है। पीसीबी अध्यक्ष का पद संभालने के बाद गुरुवार को उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की, जिसमें उनसे एशिया कप 2023 में भारत की स्थिति को लेकर सवाल पूछा गया जिसका जवाब देते हुए नजम सेठी ने कहा कि इस मसले पर सरकार का जो भी रूख होगा उसी का पालन किया जाएगा। नजम सेठी ने कहा कि इस मसले पर आंतरिक समिति से चर्चा की जाएगी और अंतिम फैसला सरकार की ओर से ही लिया जाएगा।
इस मसले पर आखिरी फैसला सरकार लेगी- सेठी
नजम सेठी ने भारत-पाकिस्तान क्रिकेट संबंधों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। मेरा अभी यही कहना है कि इस मसले पर आंतरिक समिति के साथ चर्चा की जाएगी। मैं नहीं जानता कि पिछली सरकारों में क्या फैसले किए गए थे, लेकिन बेहतर होगा कि हम अभी स्थिति की समीक्षा करें और फिर तय करें कि हम क्या संदेश चाहते हैं, लेकिन जब भारत की बात आती है तो यह सब पाकिस्तान सरकार के फैसले पर निर्भर करता है। आखिर मार्गदर्शन वहीं से मिलता है।"
रमीज राजा की जगह नजम सेठी बने हैं अध्यक्ष
आपको बता दें कि नजम सेठी को बुधवार को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्हें रमीज राजा की जगह यह जिम्मेदारी दी गई है। नजम सेठई अगले चार महीने के लिए यह जिम्मेदारी संभालेंगे। रमीज राजा को इमरान खान की सरकार में पीसीबी अध्यक्ष बनाया गया था, लेकिन इंग्लैंड के हाथों पाकिस्तान की अपने ही घर में हुई शर्मनाक हार के बाद रमीज राजा को पद से हटाना सरकार की प्राथमिकत बन गई थी।
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीसीबी अध्यक्ष का चुनाव अगले चार महीने में होगा। तब तक नजम सेठी इस पद पर बने रहेंगे। पाकिस्तान सरकार ने बुधवार देर रात एक अधिसूचना के माध्यम से रमीज राजा को इंग्लैंड द्वारा टेस्ट श्रृंखला में 3-0 से क्लीन स्वीप करने के बाद हटा दिया था।












Click it and Unblock the Notifications