PBKS vs DC: पंजाब के खिलाफ मैच में आज अक्षर पटेल क्यों नहीं खेल रहे? जानिए क्या है कारण
PBKS vs DC: दिल्ली कैपिटल्स का आज आईपीएल के इस सीजन का अंतिम मुकाबला है। लीग चरण में ही टीम बाहर हो गई। प्लेऑफ़ की दावेदार टीम होने के बाद दिल्ली का प्रदर्शन गिरता चला गया और अंततः मुंबई इंडियंस इस सीजन प्लेऑफ़ में जाने वाली चौथी टीम बन गई।
आज पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में अक्षर पटेल बाहर हैं। कप्तान अक्षर पटेल लगातार दूसरे मुकाबले में टीम से बाहर हैं। इससे पहले मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भी अक्षर पटेल नहीं खेले थे और फाफ डू प्लेसी को कप्तानी करते हुए देखा गया था।

पिछले मैच में फाफ डू प्लेसी ने अक्षर पटेल को बीमार बताया था। ऐसा लग रहा है कि वह अब तक ठीक नहीं हो पाए हैं, इस वजह से एक बार फिर से टीम से बाहर हैं और फाफ डू प्लेसी इस बार भी कप्तानी कर रहे हैं। फाफ डू प्लेसी ने इस मैच को लेकर फिफ्टी-फिफ्टी की संभावना जताई और कहा कि हम पहले गेंदबाजी करेंगे।
इस सीजन को लेकर डू प्लेसी ने कहा कि हमने काफी टी20 क्रिकेट खेली है, हम चीजें समझते हैं। पिछले मैच में हमने पहले 17 ओवर तक अच्छा खेला, लेकिन फिर फोकस खो दिया। अब हम पांचवें स्थान के लिए खेल रहे हैं। हमारा लक्ष्य टॉप-4 में पहुंचना था।
उल्लेखनीय है कि यह वही मुकाबला है, जो धर्मशाला में खेला जा रहा था। पाकिस्तान की तरफ से हुए ड्रोन अटैक के बाद इस मैच को रोक दिया गया था और रद्द किया गया था। बाद में इस मैच को फिर से आयोजित कराने के लिए नए शेड्यूल में डाला गया और जयपुर को वेन्यू बनाया गया।
शुरुआती दौर में दिल्ली कैपिटल्स का अच्छा प्रदर्शन रहा था और यह टीम नियमित रूप से टॉप दो में बनी हुई थी। इसके बाद धीरे-धीरे प्रदर्शन में गिरावट दर्ज की गई। इससे अन्य टीमों को फायदा मिलता चला गया और तालिका में दिल्ली नीचे आते हुए टॉप चार की दौड़ से बाहर हो गई।












Click it and Unblock the Notifications