'Prithvi Shaw को यह झटका लगना बहुत जरूरी था', ऑक्शन में पृथ्वी के 'अनसोल्ड' रहने पर जिंदल ने तोड़ी चुप्पी
Parth Jindal On prithvi Shaw: आईपीएल फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिक पार्थ जिंदल ने पृथ्वी शॉ को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पृथ्वी को कई मायनों में गलत समझा गया है, लेकिन साथ ही यह भी माना कि पृथ्वी को एक झटके की जरूरत थी। जिंदल का मानना है कि पृथ्वी का प्रदर्शन हाल के दिनों में खराब हुआ है और उनका फिटनेस स्तर गिरता जा रहा है।
पृथ्वी शॉ ऑक्शन में रहे थे अनसोल्ड
पृथ्वी शॉ को कभी क्रिकेट की दुनिया का अगला बड़ा स्टार माना गया था। लेकिन अब वह विवादों और फिटनेस के कारण चर्चा में बने हुए हैं। आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में किसी भी टीम ने उन्हें नहीं खरीदा, जिससे यह साबित होता है कि उनका क्रिकेट करियर मुश्किल दौर से गुजर रहा है। दिल्ली कैपिटल्स के साथ पिछले सीजन में उनके प्रदर्शन में निरंतर गिरावट देखी गई। इसके अलावा उनके अन्य कारणों के लिए चर्चा में रहने का असर भी उनके खेल पर पड़ा।

ब्रायन लारा और सचिन तेंदुलकर से होती थी तुलना
पृथ्वी शॉ को मुंबई की घरेलू टीम से भी बाहर कर दिया गया है। शॉ की बढ़ती हुई फिटनेस समस्या की वजह से मुंबई क्रिकेट टीम में उनकी जगह नहीं बन पाई। पृथ्वी के मोटापे और अन्य कारणों की वजह से अब उनका क्रिकेट करियर मुश्किल दौर से गुजर रहा है, जबकि एक समय उन्हें ब्रायन लारा और सचिन तेंदुलकर जैसा महान क्रिकेटर बनने का सपना दिखाया गया था।
पार्थ जिंदल ने दिया बड़ा बयान
दिल्ली कैपिटल्स के पूर्व बल्लेबाज पृथ्वी शॉ के बारे में पार्थ जिंदल ने इंडिया टूडे से बात करते हुए कई बातों का जिक्र किया। पार्थ जिंदल ने कहा कि पृथ्वी शॉ को अपनी फिटनेस पर काम करना होगा. इसके लिए उन्हें अनुशासन को भी बनाए रखना होगा। आईपीएल मेगा ऑक्शन में अनसोल्ड रहना उनके लिए बड़ा झटका होगा और इस झटके की उन्हें जरूरत भी थी। वह एक शानदार बच्चा है, हमें उम्मीद है कि वह वापसी करेंगे।
बता दें कि पृथ्वी शॉ ने साल 2018 में अंडर-19 विश्व कप में भारत की कप्तानी की थी। साल 2022 के ऑक्शन से पहले दिल्ली ने उन्हें 7.5 करोड़ में रिटेन किया था। हालांकि, हाल के सीज़न में उनकी फॉर्म में गिरावट देखी गई है और वह बल्ले से अच्छा प्रदर्शन करने में असमर्थ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications