पाकिस्तान की क्रिकेट टीम पर भी हुआ आर्मी का कब्जा? बाबर-रिज़वान सबकी लगने वाली है क्लास
Pakistan Team and Army: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाड़ी इस समय पीएसएल में शिरकत कर रहे हैं लेकिन पीसीबी उनके शॉट से खुश नहीं है। पाक क्रिकेट बोर्ड का मानना है कि उनके खिलाड़ी टूर्नामेंट में लम्बे छक्के लगा पाने में नाकाम रहे हैं। ऐसे में टीम को पाकिस्तानी आर्मी से ट्रेनिंग दिलाई जाएगी।
पीसीबी के नए मुखिया मोहसिन नकवी ने टीम को ट्रेनिंग देने के लिए आर्मी से मदद मांगी है। पाकिस्तान सुपर लीग खत्म होने के बाद जल्दी ही काकुल में आर्मी के साथ टीम का कैम्प लगने वाला है। नकवी ने पाक खिलाड़ियों में कमी देखकर यह फैसला लिया।

पीसीबी चीफ ने लाहौर में पीएसएल का मैच देखने के दौरान यह पाया कि विदेशी खिलाड़ियों की तरह स्टैंड्स में लम्बे छक्के पाक खिलाड़ी नहीं मार पा रहे हैं। इसे उन्होंने टीम की फिटनेस से जोड़कर देखा है। फिटनेस के लिए अब आर्मी का सहारा लिया जाएगा।
पाकिस्तानी आर्मी के साथ 25 मार्च से ट्रेनिंग कैम्प शुरू होने की खबर सामने आई है। 10 दिनों तक पाक खिलाड़ियों के साथ आर्मी का कैम्प होगा। पाकिस्तान सुपर लीग के दौरान देखा गया है कि मेजबान खिलाड़ियों का एक भी छक्का दूर नहीं जा पा रहा है।
पीसीबी चीफ का यह भी कहना है कि फिटनेस के आधार पर ही टीम में खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। उनके अनुसार पिछले कुछ सालों से टीम के खिलाड़ी फिटनेस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं और फिटनेस का स्तर काफी गिरा है। इसे ठीक करना होगा।
सेना की ट्रेनिंग काफी कड़ी होती है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि आर्मी के सामने पाक खिलाड़ी किस तरह टिक पाएंगे। खिलाड़ियों की क्षमता का पता भी इससे लगेगा। हालांकि यह फैसला हास्यास्पद भी है। आज के दौर में फिटनेस के लिए कई अच्छे कोच और ट्रेनर भी मिल जाते हैं। देखना यह होगा कि आर्मी से ट्रेनिंग के बाद टीम में क्या बदलाव आता है।












Click it and Unblock the Notifications