PAK vs SL: 'दिल के अरमां बारिशों में बह गए....', पाकिस्तानी फैंस का छलका दर्द
PAK vs SL, Super Fours, 5th Match, Asia Cup, 2023: पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच एशिया कप के सुपरफोर लीग का पांचवा मुकाबला अपने तय समय पर शुरू नहीं हो सका है। कोलंबो में झमाझम बारिश होने के कारण टॉस तय समय पर नहीं किया जा सका। बारिश की वजह से पाकिस्तानी फैंस काफी निराश नजर आ रहे हैं। वह लगातार सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं।
पाकिस्तान हो जाएगी बाहर: अगर बारिश के कारण पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच यह मुकाबला नहीं खेला जाता है तो दोनों टीमों में एक-एक अंक बांट दिए जाएंगे। ऐसा होने पर श्रीलंका की टीम को फायदा पहुंचेगा। पाकिस्तान भारत के खिलाफ 228 रनों से हार झेलने के बाद नेट रन रेट में काफी पिछड़ गया है। श्रीलंका का नेट रन रेट पाकिस्तान से बेहतर है। ऐसे में मैच रद्द हुआ तो पाकिस्तान की टीम एशिया कप से बाहर हो जाएगी।

झमाझम बारिश ने बिगाड़ा खेल: मैच शुरू होने से पहले ही कोलंबो में लगातार बारिश हो रही है। मैदान पर कवर्स हैं। पूरा मैदान ढका हुआ है। पाकिस्तान के खिलाड़ी बार-बार ड्रेसिंग रूम से बाहर आकर आसमान की तरफ देख रहे हैं। लेकिन आसमान को बादलों ने ढक रखा है। ऐसे में बारिश के कारण मैच रद्द होने की संभावनाएं भी बढ़ गई है। पाकिस्तान की टीम चाहेगी कि भले ही छोटा ही सही लेकिन ये मुकाबला खेला जाए।
फैंस का छलका दर्द: भारत के खिलाफ फाइनल मैच खेलने का सपना देखने वाले पाकिस्तानी फैंस सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं। वह बारिश को रुकने के लिए तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। एक फैन ने लिखा कि दिल के अरमां बारिशों में बह गए। भारत और पाकिस्तान के बीच कभी भी एशिया कप का फाइनल मैच नहीं खेला गया है। ऐसे में इस साल पाकिस्तान के पास श्रीलंका को हराकर फाइनल में भारत से टक्कर लेने का मौका है। लेकिन बारिश के कारण पाकिस्तान की यह उम्मीद धीरे-धीरे कम होती जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications