Asia Cup 2023: पाकिस्तान ने किया प्लेइंग इलेवन का ऐलान, जानें टीम इंडिया के खिलाफ किसे मिला मौका
IND vs PAK, Asia Cup 2023: एशिया कप 2023 के 16वें सीजन का तीसरा और बहुप्रतीक्षित हाई-वोल्टेज मैच 2 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। यह रोचक मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर तीन बजे शुरू होगा। दोनों टीमें पल्लेकेले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। इस बीच पाकिस्तान ने मैच से एक दिन पहले अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया है।
भारत और पाकिस्तान के बीच होगा महामुकाबला
दरअसल, प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कप्तान बाबर आजम ने कहा कि वे उस टीम में कोई बदलाव नहीं करेंगे, जिसने प्रतियोगिता के शुरुआती मैच में नेपाल को बड़े अंतर से हराया था। पाकिस्तान एशिया कप 2023 के अपने दूसरे मैच में शनिवार को भारत से भिड़ने के लिए तैयार है।

नेपाल के खिलाफ पाकिस्तान ने किया शानदार प्रदर्शन
पाकिस्तान ने अपने एशिया कप अभियान की शुरुआत मुल्तान में पहले गेम में नेपाल पर शानदार जीत के साथ की। शुरुआती लड़खड़ाहट के बावजूद, उन्होंने प्रतिस्पर्धी स्कोर बनाया और फिर टूर्नामेंट को सही तरीके से शुरू करने के लिए गेंद के साथ अच्छा प्रदर्शन किया।
शाहीन शाह अफरीदी ने गेंद से बरपाया कहर
पाकिस्तान के शाहीन शाह अफरीदी ने नेपाल के खिलाफ शुरुआती ओवर में दो विकेट लिए और भारत के लिए एक बड़ा खतरा पैदा कर दिया है। तीन फ्रंटलाइन तेज और तीन स्पिन-गेंदबाजी ऑलराउंडरों के साथ पाकिस्तान के पास गेंदबाजी विभाग में विकल्पों की कमी नहीं है।
स्पिन विभाग में शादाब खान और मोहम्मद नवाज को सलमान आगा की मदद मिलेगी। तेज गेंदबाज मोहम्मद वसीम के लिए भी कोई जगह नहीं थी, क्योंकि पाकिस्तान ने शाहीन अफरीदी, नसीम शाह और हारिस रउफ को चुना है।
वहीं दूसरी ओर टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गेंदबाजी विभाग को लेकर कहा कि 'सभी छह गेंदबाज काफी अच्छे हैं। उन्होंने इसे विश्व क्रिकेट में साबित किया है, खासकर शमी, सिराज और बुमराह। बुमराह लंबे समय के बाद वापसी कर रहे हैं। वह आयरलैंड में अच्छे दिखे। शमी और सिराज हमारे लिए अच्छा काम कर रहे।'
पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन
फखर जमान, इमाम-उल-हक, बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), आगा सलमान, इफ्तिखार अहमद, शादाब खान, मोहम्मद नवाज, शाहीन अफरीदी, नसीम शाह और हारिस रउफ।
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, ईशान किशन (विकेटकीपर), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, हार्दिक पंड्या, रवीन्द्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमरा।












Click it and Unblock the Notifications