एशिया कप से पहले चोटिल हुआ PAK का घातक गेंदबाज? नसीम शाह ने खुद दिया बड़ा अपडेट
Asia Cup 2023: लंका प्रीमियर लीग (LPL) में नसीम शाह ने कोलंबो स्ट्राइकर्स के लिए आखिरी मैच में हिस्सा नहीं लिया था। मैच में पाकिस्तान के तेज गेंदबाज की अनुपस्थिति ने पाकिस्तानी क्रिकेट फैंस को चिंतित कर दिया। हालांकि, युवा तेज गेंदबाज ने फैंस को आश्वस्त किया है कि वह चोटिल नहीं हैं बल्कि रिफ्रेश होने के लिए उन्होंने आराम लिया है।
शाह के बयान से स्पष्ट हो जाता है कि एशिया कप 2023 के लिए पाकिस्तान के पास उनके दोनों घातक तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी और नसीम शाह होंगे। इससे पहले, कोलंबो स्ट्राइकर्स के कप्तान चमिका करुणारत्ने ने टॉस के दौरान तेज गेंदबाज के घायल होने की पुष्टि की।

शाह ने बताया क्यों लिया मैच से ब्रेक
करुणारत्ने ने कहा कि, 'नसीम शाह कंधे की चोट के कारण नहीं खेल रहे हैं।' इस घोषणा से पाकिस्तान क्रिकेट प्रेमियों में खलबली मच गई। हालांकि, एक बयान में नसीम शाह ने स्पष्ट किया कि उन्हें कोई चोट नहीं लगी है। उन्होंने दावा किया कि व्यस्त कार्यक्रम से पहले अपने शरीर को थोड़ा आराम देने के लिए उन्होंने खेल से बाहर बैठने का फैसला किया।
थोड़ा आराम जरूरी था इसलिए ब्रेक लिया- शाह
नसीम ने कहा कि, 'कोई चोट या ऐसा कुछ नहीं है। मैं हाल ही में काफी क्रिकेट खेल चुका हूं, जिसमें श्रीलंका टेस्ट और लंका प्रीमियर लीग के बैक-टू-बैक मैच शामिल हैं। इस मौसम में बहुत थकान होती है इसलिए थोड़ा आराम जरूरी था।'
एलपीएल में नसीम शाह ने किया शानदार फॉर्म का प्रदर्शन
नसीम शाह एलपीएल 2023 में अच्छी फॉर्म में हैं, उन्होंने कोलंबो स्ट्राइकर्स के लिए सात मैचों में 19.40 की औसत से 10 विकेट लिए हैं। नसीम की इकॉनमी रेट भी प्रभावशाली रही है, उन्होंने 15.90 की स्ट्राइक रेट से सिर्फ 7 रन दिए हैं। उन्होंने अब तक खेले गए सात मैचों में से प्रत्येक में विकेट लेने में भी कामयाबी हासिल की है।
दो सितंबर को होगी भारत बनाम पाकिस्तान भिड़ंत
बाबर आजम एंड कंपनी अपने एशिया कप अभियान की शुरुआत 30 अगस्त को मुल्तान क्रिकेट स्टेडियम में नेपाल के खिलाफ करेगी। एशिया कप के तहत इंडिया का पहला मैच पाकिस्तान के खिलाफ 2 सितंबर को श्रीलंका के कैंडी में खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications