IND vs PAK: भारतीय महिलाओं की धांसू गेंदबाजी के सामने धराशाई पाकिस्तान, भारत को 106 का टारगेट
IND vs PAK, Women's T20 World Cup: महिला टी20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच लीग मैच में टीम इंडिया की गेंदबाजी टॉप क्लास रही। पाकिस्तानी बल्लेबाजों के ऊपर पूरी तरह से दबाव देखने को मिला। भारतीय टीम ने सटीक लाइन और लेंथ से पाक टीम को चारों खाने चित कर दिया।
टॉस जीतकर पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया लेकिन यह गलत साबित हो गया। भारतीय टीम की गेंदबाजों ने नई गेंद के साथ पाक बल्लेबाजों की बखिया उधेड़ डाली। दुबई में हजारों दर्शकों के सामने खेलते हुए टीम इंडिया के लिए पहला विकेट रेणुका ने लिया। उन्होंने गुल फिरोजा को आउट कर दिया।

उनके बाद सिदरा अमिन 8 और ओमैमा सोहेल 3 रन के निजी स्कोर पर आउट हुईं। यहाँ से पाकिस्तानी टीम की पारी संभल ही नहीं पाई। एक के बाद एक खिलाड़ी आउट होती चली गईं। आधी टीम महज 52 रनों के कुल स्कोर पर ही आउट हो गई थी। फातिमा सना ने कुछ आकर्षक शॉट जड़े लेकिन 13 रनों के निजी स्कोर पर आउट होकर चलती बनीं।
पाकिस्तान ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज निदा डार रहीं। वह 28 रन बनाने में सफल रहीं। निचले क्रम से सयेदा आरुब ने भी 14 रनों का योगदान दिया। अंततः पाक टीम 8 विकेट पर 105 रनों का स्कोर हासिल कर पाई। भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट अरुंधति रेड्डी को मिले, उन्होंने 3 विकेट मिले। उनके अलावा श्रेयांका पाटिल ने भी 2 विकेट अपने नाम किये।
भारत (प्लेइंग XI): स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, एस. सजना, श्रेयंका पाटिल, आशा शोभना, रेणुका ठाकुर सिंह।
पाकिस्तान (प्लेइंग XI): मुनीबा अली (विकेटकीपर), गुल फ़िरोज़ा, सिदरा अमिन, निदा डार, आलिया रियाज़, ओमैमा सोहेल, फातिमा सना (कप्तान), तुबा हसन, नाशरा संधू, सेयदा आरुब शाह , सादिया इक़बाल।












Click it and Unblock the Notifications