PAK vs SA: पाकिस्तान को घर में घुसकर साउथ अफ्रीका ने रौंदा, 8 विकेट से जीता मैच, बना ये खास रिकॉर्ड
PAK vs SA 2nd Test Day 4 Highlights: साउथ अफ्रीका ने पाकिस्तान को रावलपिंडी में खेले गए दूसरे और निर्णायक टेस्ट मैच में आठ विकेट से हराकर एक बड़ी जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ ही दो मैचों की यह रोमांचक टेस्ट सीरीज 1-1 से बराबरी पर समाप्त हो गई। यह जीत साउथ अफ्रीका के लिए ऐतिहासिक है, क्योंकि उन्होंने 2007 के बाद पहली बार पाकिस्तान की धरती पर कोई टेस्ट मैच जीता है, इस तरह 18 साल का सूखा खत्म हुआ।
साढ़े तीन दिन के भीतर खत्म हुआ मैच (PAK vs SA 2nd Test Day 4 Highlights)
एडन मार्करम की कप्तानी वाली साउथ अफ्रीकी टीम ने यह मुकाबला साढ़े तीन दिन के भीतर ही अपने नाम कर लिया। साउथ अफ्रीका की जीत की नींव मुख्य रूप से उनके स्पिनरों और निचले क्रम के बल्लेबाजों ने रखी। मैच के चौथे दिन स्पिनर साइमन हार्मर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को दूसरी पारी में केवल 138 रनों पर समेट दिया। हार्मर ने सिर्फ 50 रन देकर छह विकेट हासिल किए, जबकि केशव महाराज ने दो विकेट लिए।

साउथ अफ्रीका के लो ऑर्डर बल्लेबाजों ने किया कमाल
इससे साउथ अफ्रीका को जीत के लिए केवल 68 रनों का आसान लक्ष्य मिला। इससे पहले पाकिस्तान की पहली पारी के 333 रनों के जवाब में साउथ अफ्रीका ने एक समय 7 विकेट पर 210 रन बनाकर संघर्ष कर रही थी। लेकिन निचले क्रम के बल्लेबाजों ने विशेष रूप से सेनुरन मुथुसामी (नाबाद 89), केशव महाराज (30 रन) और कगिसो रबाडा (71 रन) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को 404 रनों तक पहुंचाया और 71 रन की अहम बढ़त दिलाई, जो मैच के लिए निर्णायक साबित हुई।
मार्करम के तूफानी खेल से मिली आसान जीत
68 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान एडन मार्करम ने तूफानी बल्लेबाजी की। मार्करम के तेज 42 रन और रयान रिकल्टन के नाबाद 25 रनों की मदद से साउथ अफ्रीका ने 12.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। हालांकि, नोमान अली ने मार्करम और ट्रिस्टन स्टब्स (0) को एक ही ओवर में आउट किया, लेकिन तब तक जीत मेहमान टीम की झोली में आ चुकी थी।
लाहौर में पहला टेस्ट 93 रनों से हारने के बाद साउथ अफ्रीका ने दूसरे टेस्ट में केशव महाराज की वापसी का पूरा फायदा उठाया और उन्हीं की स्पिन के दम पर पलटवार करते हुए शानदार जीत दर्ज की।












Click it and Unblock the Notifications