पाकिस्तान क्रिकेट के लिए निराशा के साथ खत्म हुआ 2022, घर में 7 टेस्ट खेले पर एक में भी नहीं मिली जीत
साल 2022 में पाकिस्तान ने अपने घर में 7 टेस्ट मैच खेले, जिसमें से 3 टेस्ट मैच ड्रॉ रहे और 4 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। इसमें इंग्लैंड के खिलाफ 3-0 की हार भी शामिल है।
न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच कराची में खेला जा रहा पहला टेस्ट मैच ड्रॉ हो गया है। इस टेस्ट मैच में पाकिस्तान पर हार का खतरा मंडरा रहा था, लेकिन इमाम उल हक (96), सरफराज अहमद (53) और साऊद शकील (55) की अहम पारियों की बदौलत पाकिस्तान की टीम ने मैच को लंबा खींचा और आखिरी दिन न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को सिर्फ आधा घंटा बल्लेबाजी का मौका दिया। अंत में खराब रोशनी के कारण मैच को ड्रॉ घोषित कर दिया गया।

जीत के इरादे से खेल रही थी न्यूजीलैंड की टीम
आपको बता दें कि पाकिस्तान ने दूसरी पारी 311/8 पर घोषित कर दी थी, जिसके बाद न्यूजीलैंड को 138 रन का लक्ष्य मिला था। न्यूजीलैंड ने जवाब में 7.3 ओवर के अंदर 1 विकेट खोकर 61 रन भी बना लिए थे। टॉम लेथम (35) और डेवोन कॉनवे (18) अपनी टीम को जीत दिलाने के इरादे से ही बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन खराब रोशनी के चलते मैच को ड्रॉ घोषित कर दिया गया।

2022 में पाकिस्तान को घर में नहीं मिली एक भी टेस्ट जीत
इस टेस्ट मैच के साथ ही पाकिस्तान क्रिकेट के लिए साल 2022 निराशा के साथ समाप्त हो रहा है, क्योंकि 2022 में पाकिस्तान ने अपने घर में 7 टेस्ट मैच खेले, जिसमें से एक में भी उसे जीत नसीब नहीं हुई। पिछले 7 टेस्ट मैचों की बात करें तो पाकिस्तान की टीम को 4 में हार का सामना करना पड़ा और 3 टेस्ट मैच ड्रॉ हुए। इसमें से इंग्लैंड के खिलाफ 3 टेस्ट मैचों में मिली हार भी शामिल है। पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में दो टेस्ट ड्रॉ कराए थे, जबकि एक में उसे हार का सामना करना पड़ा था।

पाकिस्तान के घर में खेले गए पिछले 7 टेस्ट मैचों का रिजल्ट
- पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच 4-8 मार्च तक खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ रहा था।
- तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला जो कि 12-16 मार्च के बीच खेला गया वो भी ड्रॉ रहा था।
- इस सीरीज का आखिरी टेस्ट 21-25 मार्च के बीच खेला गया, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को 115 रन से मात दी थी।
- 1 दिसंबर से शुरू हुई पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के सभी मुकाबलों में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को धूल चटाई। पहले टेस्ट में इंग्लैंड ने 74 रन से पाकिस्तान को हराया, जबकि दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड ने 26 रन से जीत दर्ज की। सीरीज के आखिरी मुकाबले में भी इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 8 विकेट से रौंद दिया था।
- इंग्लैंड के हाथों टेस्ट सीरीज गंवाने के बाद पाकिस्तान के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज बेहद अहम है, जिसका पहला ही मुकाबला ड्रॉ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications