24 साल बाद पाकिस्तान की धरती पर ऑस्ट्रेलिया की फीकी शुरुआत, पहले दिन केवल 1 विकेट मिला
रावलपिंडी, 4 मार्च: पाकिस्तान की धरती पर 24 साल बाद दौरा करने आई ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत बहुत अच्छी साबित नहीं हुई है। ऑस्ट्रेलिया की टीम पाकिस्तान में तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेलने के लिए रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में उतरी। यहां पर पाकिस्तान की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बहुत ही शानदार बैटिंग का प्रदर्शन किया है। टेस्ट मैच के पहले दिन स्टंप की समाप्ति पर पाकिस्तान ने 90 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 245 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया है।

बेहतरीन गेंदबाजी वाली ऑस्ट्रेलिया की टीम पूरे दिन विकेट के लिए तरसती रही और पाकिस्तान के बल्लेबाज ओपनिंग बल्लेबाज इमाम उल हक ने जबरदस्त शतक जड़ दिया। इमाम उल हक ने पहले दिन की समाप्ति पर 271 गेंदों का सामना करते हुए 132 रन बना लिए हैं और वे अभी भी बल्लेबाजी कर रहे हैं। उनका साथ देने के लिए पूर्व कप्तान अजहर अली क्रीज पर टिके हुए हैं जिन्होंने 165 गेंदों का सामना करते हुए 64 रनों की पारी खेली है।
इससे पहले पाकिस्तान के ओपनिंग बल्लेबाज अब्दुल्ला शफीक ने 105 गेंदों पर 44 रनों की पारी खेली थी और उनको नाथन लियोन ने पैट कमिंस के हाथों आउट कराया था। कुल मिलाकर पाकिस्तान के लिए क्रिकेट की वापसी उसके घर में शानदार रही लेकिन एक ऐसी घटना भी हो गई जिसके चलते पाकिस्तानी फैंस को यह डर सता रहा है कहीं आस्ट्रेलियाई टीम यह दौरा बीच में छोड़कर वापस ना चली जाए।
पेशावर में एक ब्लास्ट हुआ है जो एक मस्जिद में किया गया आतंकवादी हमला है जिसमें 57 लोगों की मौत हो गई थी। यह हमला 4 मार्च को ही किया गया था और यह मस्जिद रावलपिंडी में चल रहे टेस्ट से करीब 200 किलोमीटर दूर है। इतना ही नहीं 200 लोग जख्मी भी बताए जा रहे हैं और क्रिकेट फैंस एक बार फिर से डर के साए में आ चुके हैं।
बता दे पाकिस्तान क्रिकेट अपने देश में हुई आतंकवादी घटनाओं के चलते पहले ही एक दशक से भी अधिक समय तक ब्लॉक रहा है क्योंकि 3 मार्च 2009 के दिन श्रीलंकाई टीम की बस पर जिस तरीके से हमला किया गया था उसके बाद बाकी सभी देशों ने इस एशियाई देश में आकर क्रिकेट खेलने के लिए हाथ खड़े कर दिए थे।
फिलहाल क्रिकेट आस्ट्रेलिया पेशावर में हुए ब्लास्ट के बाद एक्शन में आया है और द मॉर्निंग हेराल्ड के मुताबिक उसने पाकिस्तान के हालात पर निगरानी शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications