Asia Cup 2023: पाकिस्तान में खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर हाई अलर्ट, आर्मी से लेकर रेंजर्स तक तैनात
Asia Cup 2023: एशिया कप के महासंग्राम की शुरूआत में अब सिर्फ तीन दिन बचे हैं। कॉन्टिनेंटल टूर्नामेंट के चार मैच पाकिस्तान में और नौ मुकाबले श्रीलंका में खेले जाएंगे। श्रीलंका के कैंडी में तीन और कोलंबो में फाइनल सहित छह मैच आयोजित होंगे। ऐसे में पाक सरकार सुरक्षा को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है।
पाकिस्तान सेना और पंजाब रेंजर्स की तैनाती को मंजूरी
एशिया कप को लेकर संघीय कैबिनेट ने सभी भाग लेने वाली टीमों और फैंस की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पाकिस्तान सेना और पंजाब रेंजर्स की तैनाती को मंजूरी दे दी है। एशिया कप 30 अगस्त को मुल्तान में शुरू होगा। पीसीबी मुल्तान और लाहौर में कुल मिलाकर 4 मैचों की मेजबानी करेगा।

6 सितंबर तक गहन सुरक्षा तैनात की जाएगी
इनसाइड स्पोर्ट्स की रिपोर्ट के अनुसार जियोटीवी सूत्रों ने बताया कि, पंजाब की कार्यवाहक सरकार ने सेना और रेंजर्स की तैनाती का अनुरोध किया था। एशिया कप 2023 से 4 दिन पहले शनिवार को अनुरोध को मंजूरी दे दी गई। 27 अगस्त से 6 सितंबर तक गहन सुरक्षा तैनात की जाएगी। इस बीच जरूरत पड़ने पर स्पेशल फोर्स से भी मदद ली जाएगी।
चार देश की टीमें जाएंगी पाकिस्तान
पाकिस्तान के साथ-साथ श्रीलंका, नेपाल, अफगानिस्तान और बांग्लादेश सभी पाकिस्तान में कम से कम एक मैच खेलेंगे। हालांकि, भारत के सभी मुकाबले श्रीलंका में खेले जाएंगे। सूत्र ने जियोटीवी को बताया कि, 'पंजाब रेंजर्स को क्विक रिएक्शन फोर्स के दूसरे स्तर में तैनात किया जाएगा, जबकि पाकिस्तानी सेना की तैनाती तीसरे स्तर के क्यूआरएफ मोड में होगी।'
भारत के सभी मुकाबले श्रीलंका में होंगे
दरअसल, 2009 में श्रीलंकाई टीम की बस पर हमले के बाद से पाकिस्तान का दौरा करने वाले देशों के लिए सुरक्षा प्रमुख चिंताओं में से एक रही है। हालांकि, हाल के दिनों में सामान्य स्थिति फिर से शुरू हो गई है, फिर भी चिंताएं बनी हुई हैं। इसको लेकर सरकार ने अपने स्तर पर सभी तैयारियां शुरू कर दी हैं। एशिया कप 2023 के लिए भारत का पहला मुकाबला 2 सितंबर को कैंडी के पल्लेकेले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान से होगा। इसके बाद 4 सितंबर को उसी स्थान पर नेपाल से भिड़ंत होगी।












Click it and Unblock the Notifications