'मैं पल दो पल का शायर हूं..', जब MS Dhoni के एक फैसले से टूट गया था करोड़ों फैंस का दिल
आज से ठीक दो साल पहले 15 अगस्त 2020 को महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) ने इंटरनेशनल क्रिकेट से अचानक से संन्यास लेकर सभी को चौंका दिया था।
स्पोर्ट्स डेस्क, 15 अगस्त: आज 15 अगस्त को पूरा भारत वर्ष आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। आज हमारे देश को आजाद हुए पूरे 75 साल हो गए हैं। 15 अगस्त का हर एक भारतीय के एक जीवन में विशेष स्थान है। हालांकि दो साल पहले भी ऐसा कुछ हुआ था, जिसके बाद ये दिन क्रिकेट फैंस के जहन में भी छप गया। दरअसल, आज से ठीक दो साल पहले 15 अगस्त 2020 को महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) ने इंटरनेशनल क्रिकेट से अचानक से संन्यास लेकर सभी को चौंका दिया था।
Recommended Video

धोनी के संन्यास के दो साल
2020 में भी 15 अगस्त के मौके पर पूरे देश आजादी का जश्न मना रहा था। किसी को धोनी के संन्यास का जरा भी अंदाजा नहीं था, लेकिन उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया जिसमें माही के करियर के यादगार पल अलग-अलग तस्वीरों में नजर आ रहे थे और बैकग्राउंड में एक गाना बज रहा था, 'मैं पल दो पल का शायर हूं, पल दो पल मेरी कहानी है..' उस दिन के बाद से यह गाना क्रिकेट फैंस के जहन में बस गया।

अब मुझे रिटायर्ड समझा जाए
वीडियो शेयर कर पूर्व दिग्गज भारतीय कप्तान ने कैप्शन में लिखा था, ‘'हमेशा आपके प्यार और सपोर्ट के लिए धन्यवाद। शाम 7 बजकर 29 मिनट के बाद से मुझे रिटायर्ड समझा जाए।'' महेंद्र सिंह धोनी के इस वीडियो के बाद करोड़ों भारतीयों का दिल एक झटके में टूट गया था।
सभी को एक ना एक दिन धोनी के संन्यास का आइडिया तो जरूर था, लेकिन किसी ने ये बिल्कुल भी नहीं सोचा था कि वह इतने खास मौके पर इस अंदाज में भारतीय क्रिकेट को अलविदा कहेंगे।
View this post on Instagram

न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला आखिरी मैच
धोनी ने अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच में 2019 वनडे वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। ये वर्ल्ड कप का पहला सेमीफाइनल था और टीम इंडिया को बहुत करीबी मुकाबले में 18 रन से मिली हार का मुंह देखना पड़ा था। भारत के सामने 240 रन का टारगेट था, लेकिन पूरी टीम 221 पर ऑल-आउट हो गई थी। इस मैच में एमएस धोनी 72 गेंदों में 50 रन बनाए थे। धोनी को 49वें ओवर में मार्टिन गुप्टिल ने रन आउट कर करोड़ों भारतीयों के टूर्नामेंट जीतने की उम्मीद को पल भर में तोड़ दिया था।

कमाल का रहा करियर
एमएस धोनी ने 15 अगस्त, 2020 को इंटरनेशनल क्रिकेट से अपने रिटायरमेंट का ऐलान किया था। इससे पहले वो 2014 में ही टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कर चुके थे। टीम इंडिया को अकेले अपने दम पर उन्होंने कई मुकाबले जिताए। भारत के लिए खेले 90 टेस्ट मैचों में महेंद्र सिं धोनी ने 38 की औसत से कुल 4876 रन बनाए। वनडे में उनके नाम पर 350 मैचों में 50.58 की शानदार औसत से कुल 10773 रन दर्ज है। T20I में धोनी ने 98 मुकाबले खेले और 126.13 के स्ट्राइक रेट से 1617 रन बनाए। तीनों फॉर्मेट में उनके नाम पर 16 शतक और 108 अर्धशतक दर्ज है।

सबसे बड़ा कप्तान
धोनी न सिर्फ भारत के बल्कि इंटरनेशनल क्रिकेट के सबसे सफल कप्तान हैं। उन्होंने अपनी कप्तानी में 332 इंटरनेशनल मैचों खेले और 178 में जीत दर्ज की। 120 में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा, जबकि 6 मुकाबले टाई रहे। 15 मैचों का कोई परिणाम सामने नहीं आया। बता दें कि एमएस धोनी ICC की तीनों ट्रॉफी जीतने वाले दुनिया के एकमात्र कप्तान हैं।
2007 में उन्होंने अपनी कप्तानी में भारत को सबसे पहला टी20 वर्ल्ड कप, साल 2011 में वनडे वर्ल्ड कप और 2013 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीताई थी। धोनी की ही लीडरशिप में टीम इंडिया पहली बार टेस्ट क्रिकेट में भी दुनिया की नंबर-1 टीम बनी थी।

IPL में चमक बरकरार
इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद भी इंडियन प्रीमियर (आईपीएल) में उनका जलवा बरकरार है। आईपीएल में धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए अभी भी बतौर कप्तान खेल रहे हैं। 2021 में उन्होंने अपनी कप्तानी में चेन्नई को चौथी बार टूर्नामेंट भी जिताया था।
पिछले साल यूएई में खेले गए 2021 के टी20 वर्ल्ड कप में भी माही टीम इंडिया के साथ बतौर मेंटॉर की भूमिका निभाते नजर आए थे।












Click it and Unblock the Notifications