आज के ही दिन 2017 में बांग्लादेश 595 रन बनाने के बाद भी हार गया था टेस्ट मैच, न्यूजीलैंड से था मुकाबला
क्रिकेट के इतिहास में 16 जनवरी की तारीख बांग्लादेश के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं है, क्योंकि 5 साल पहले यानि 16 जनवरी 2017 को ही बांग्लादेश की टीम को न्यूजीलैंड के हाथों एक टेस्ट मैच में हार का सामना करना पड़ा था।

क्रिकेट के इतिहास में 16 जनवरी की तारीख बांग्लादेश के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं है, क्योंकि 5 साल पहले यानि 16 जनवरी 2017 को ही बांग्लादेश की टीम को न्यूजीलैंड के हाथों एक टेस्ट मैच में हार का सामना करना पड़ा था। यह हार इतिहास के नजरिए से इसलिए यादगार है, क्योंकि इस मैच में बांग्लादेश ने पहली पारी में 595 रन बनाए थे और इसके बावजूद भी बांग्लादेश की टीम मैच हार गई थी। बांग्लादेश ने पहली पारी 595 रन पर घोषित की थी। यह मुकाबला वेलिंग्टन में खेला गया था, जहां बांग्लादेश को न्यूजीलैंड के हाथों 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ गया था।
बांग्लादेश ने पहली पारी में बनाया था विशाल स्कोर
यह टेस्ट मैच एक हाई स्कोरिंग मैच रहा था। दो टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मैच में बांग्लादेश पहले बल्लेबाजी करनी आई थी। बांग्लादेश की ओर से शाकिब अल हसन ने 217 और मुशफिकुर रहीम ने 159 रन बनाए थे। इसकी बदौलत ही बांग्लादेश की टीम 595 तक पहुंच पाई थी। कप्तान मुशफिकुर रहीम ने 595/8 के स्कोर पर अपनी पहली पारी घोषित कर दी थी। शाकिब और मुशफिकुर के अलावा मोमिनुल हक ने 64, शब्बीर रहमान ने 54 और ओपनर तमीम इकबाल ने 56 रन की पारी खेली थी। न्यूजीलैंड की ओर से पहली पारी में नील वैगनर ने चार विकेट लिए थे।
न्यूजीलैंड ने भी दिया करार जवाब
बांग्लादेश के इस हाई स्कोर का न्यूजीलैंड ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया और अपनी पहली पारी में 10 विकेट खोकर 539 रन बना दिए। न्यूजीलैंड की ओर से टॉम लेथम ने 177 रन की पारी खेली थी। उनके अलावा कप्तान केन विलियमसन ने 53, रॉस टेलर ने 40, हैनरी निकॉल्स ने 53 और बीजे वॉटलिंग ने 49 रन का योगदान दिया था। निचले क्रम में मिचेल सैंटनर ने भी 73 रन की पारी खेली थी। बांग्लादेश की ओर से कमरूम इस्लाम रब्बी ने 3 विकेट लिए थे।
दूसरी पारी में पलट गया मामला
मैच की पहली दो पारियों में हाई स्कोर बनने के बाद माना जा रहा था कि यह मैच ड्रॉ की तरफ ही जाएगा, लेकिन जब बांग्लादेश की टीम दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने के लिए आई तो मामला कुछ और ही हुआ। पहली पारी में विशाल स्कोर खड़ा करने वाली टीम दूसरी पारी में सिर्फ 160 रनों पर सिमट गई और इस तरह न्यूजीलैंड को 217 रनों का लक्ष्य मिला। न्यूजीलैंड ने इस आसान से लक्ष्य को सिर्फ 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। कप्तान केन विलियमसन ने सबसे अधिक 104 रन बनाए। वहीं रॉस टेलर ने 60 रनों का योगदान दिया। न्यूजीलैंड ने यह मैच 7 विकेट से अपने नाम कर लिया था।
इस हार के बाद बांग्लादेश के नाम एक रिकॉर्ड दर्ज हो गया। दरअसल, टेस्ट क्रिकेट में पहली पारी में विशाल स्कोर खड़ा करने के बाद मैच हारने वाली बांग्लादेश पहली टीम बन गई।












Click it and Unblock the Notifications