'अन्य बोर्डों के साथ भी...,' World Cup को लेकर दिए बयान पर PCB के पूर्व चेयरमैन ने पाक मिनिस्टर को लगाई फटकार
ICC ODI World Cup 2023 In India: पाकिस्तान क्रिकेट टीम वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारत आएगी या नहीं इसको लेकर अभी तक कुछ भी स्पष्ट नहीं हो सका है। इस बीच पीसीबी (PCB) के पूर्व चेयरमैन खालिद महमूद ने पाक के खेल मंत्री एहसान माजरी के उस बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर टीम इंडिया एशिया कप के लिए पाकिस्तान नहीं आएगी तो उनकी टीम भी वर्ल्ड कप खेलने के लिए भारत नहीं जाएगी।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष खालिद महमूद ने वनडे विश्व कप में राष्ट्रीय क्रिकेट टीम की भागीदारी पर निर्णय लेने के लिए एक उच्च स्तरीय समिति बनाने के सरकार के फैसले पर हमला बोला है। दरअसल, महमूद के कार्यकाल में पाकिस्तान ने 1999 में भारत का दौरा किया था। इसके अलावा उन्होंने ने खुद जूनियर टीम के प्रबंधक के रूप में 1989 में इंडिया का दौरा किया था।

समिति के गठन को लेकर उठाए सवाल
उन्होंने अब कहा है कि इस समिति के गठन का कोई मतलब नहीं है। एक इंटरव्यू के दौरान पीसीबी के पूर्व चेयरमैन ने कहा कि, 'दिलचस्प बात यह है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का कोई भी प्रतिनिधि समिति में नहीं है।' उन्होंने आगाह किया कि यह विश्व कप में पाकिस्तान की भागीदारी को पाकिस्तान में होने वाले एशिया कप से जोड़ने का समय नहीं है।
महमूद ने कहा कि मंत्रियों की यह समिति बनाकर सरकार ने राजनीति को खेल के साथ न मिलाने की अपनी नीति का खंडन किया है। 'हालांकि मैं इस बात से सहमत हूं कि भारत के लिए अब पाकिस्तान का दौरा न करने का कोई औचित्य नहीं है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चीजें इस तरह से नहीं की जाती हैं।'
महमूद ने पीसीबी मामलों में सरकार की गहरी भागीदारी की आवश्यकता और विश्व कप के लिए टीम भेजने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि, 'यदि आप कहते हैं कि हम भारत में टीम भेजने का निर्णय लेने से पहले सुरक्षा स्थिति को देख रहे हैं, तो यह समझ में आता है, लेकिन खुले तौर पर यह कहना कि अगर भारत पाकिस्तान नहीं आएगा तो हम विश्व कप के लिए भारत में टीम भी नहीं भेजेंगे। दोनों चीजों को मिलाना, जो हमने कभी नहीं किया।'
धमकियों के बावजूद भेजा था प्रतिनिधिमंडल- खालिद महमूद
उन्होंने बताया कि, 'जब मैं 1999 में अध्यक्ष था, तो भारत से धमकियों के बावजूद हमने भारत में एक प्रतिनिधिमंडल भेजकर अपनी टीम के लिए सुरक्षा स्थिति का आकलन किया और सरकार को सलाह दी कि हम भारत जाने के इच्छुक हैं।' उन्होंने कहा कि अब समझदारी की बात यह है कि यह सुनिश्चित किया जाए कि पाकिस्तानी टीम मेगा इवेंट में हिस्सा ले, नहीं तो उसे प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है और अन्य बोर्डों के साथ भी रिश्ते खराब हो सकते हैं।'
महमूद ने कहा कि नजम सेठी ने एशिया कप पर क्रिकेट प्रबंधन समिति के अध्यक्ष के रूप में जो भी निर्णय लिया था, उसका अब सम्मान किया जाना चाहिए। 'मुझे उम्मीद है कि इस समिति के गठन और मंत्री अहसान मजारी के बयान के कारण जका अशरफ को इस सप्ताह के अंत में आईसीसी बैठकों में भाग लेने पर असहज स्थिति का सामना करना पड़ेगा।'












Click it and Unblock the Notifications