ODI WC 2023: वर्ल्ड कप को लेकर नहीं चलेगी पाकिस्तान की मनमानी, लाहौर पहुंचे ICC के अधिकारी, जल्द होगा फैसला
World Cup: आगामी विश्व कप को लेकर आईसीसी के टॉप अधिकारी- आईसीसी के अध्यक्ष ग्रेग बार्कले और मुख्य कार्यकारी ज्योफ एलार्डिस पीसीबी मैनेजमेंट के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने के लिए लाहौर (पाकिस्तान) पहुंच गए हैं।

World Cup: एशिया कप के आयोजन को लेकर अभी तक कोई एक राय नहीं बन सकी है। भारत में इस साल के आखिर में होने वाले 50 ओवरों के विश्व कप का कार्यक्रम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल के दौरान घोषित किया जा सकता है। इस बीच वनडे वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के शामिल होने को लेकर (ICC) के चेयरमैन और सीईओ (CEO) इस समय लाहौर में मौजूद हैं, ताकि ये पुष्टि हो सके कि पाकिस्तान की टीम वनडे वर्ल्ड कप खेलने भारत आ रही है या नहीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लाहौर (पाकिस्तान) में पीसीबी (PCB) अधिकारियों ने आईसीसी (ICC) के टॉप अधिकारियों की अगवानी की। दोनों ने कदाफी स्टेडियम का भी दौरा किया और पीसीबी अधिकारियों के साथ बैठक की। सूत्रों ने बताया कि, आयोजन को लेकर चर्चा चल रही है और यह दोनों देशों और आईसीसी पर निर्भर करेगा कि वह किस निष्कर्ष पर पहुंचे। अक्टूबर और नवंबर में खेले जाने वाले विश्व कप की तारीखों और स्थानों की घोषणा जून में विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) के फाइनल के बाद की जाएगी।
इस दौरान विश्व कप के अलावा प्रस्तावित फाइनेंशियल डिस्ट्रीब्यूशन मॉडल को लेकर भी बातचीत होगी। पीसीबी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए प्रस्तावित रेवेन्यू डिस्ट्रीब्यूशन मॉडल पर भी असंतोष व्यक्त किया है, जिस पर जून में आईसीसी की अगली बोर्ड बैठक के दौरान मतदान होना तय है। सूत्रों ने कहा कि लीक हुए आंकड़े बताते हैं कि भारत को सबसे बड़ा हिस्सा मिलेगा, इसके बाद इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और फिर पाकिस्तान का नंबर आता है।
इस दौरान यह ध्यान दिया जा सकता है कि पाकिस्तान और भारत के बीच राजनीतिक तनाव ने दोनों देशों के बीच बायलेट्रल क्रिकेट को कितना प्रभावित किया है। तनावपूर्ण संबंधों के कारण दोनों देशों ने केवल न्यूट्रल वेन्यू पर एक-दूसरे के साथ मैच खेला है।
ताजा मुद्दा तब उठा जब भारत ने एशिया कप के लिए पाकिस्तान का दौरा करने से मना कर दिया और टूर्नामेंट को न्यूट्रल वेन्यू में आयोजित करने की बात रखी। जवाब में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने भारत में विश्व कप का बहिष्कार करने की धमकी दी। ICC के महाप्रबंधक वसीम खान ने पुष्टि की कि ICC के अध्यक्ष ग्रेग बार्कले और मुख्य कार्यकारी ज्योफ एलार्डिस की लाहौर यात्रा मुख्य रूप से आगामी विश्व कप में पाकिस्तान की भागीदारी पर केंद्रित है।
एक वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वसीम ने माना कि इस मामले को लेकर बातचीत चल रही है। उन्हें उम्मीद है कि पाकिस्तान और भारत के क्रिकेट बोर्ड खेल को लेकर सौहार्दपूर्ण निष्कर्ष पर पहुंचेंगे।












Click it and Unblock the Notifications