NZ vs WI: अंतिम गेंद पर आया न्यूजीलैंड-वेस्टइंडीज टी20 का रिजल्ट, कौन जीता मुकाबला
NZ vs WI: ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज को आखिरी गेंद पर 3 रन से हराकर सीरीज़ में 1-1 की बराबरी कर ली। मुकाबले का रोमांच चरम पर तब पहुंचा जब वेस्टइंडीज को जीत के लिए आखिरी गेंद पर छक्का चाहिए था, लेकिन मैथ्यू फोर्ड केवल एक रन ही बना सके। कीवी तेज़ गेंदबाज़ काइल जेमिसन ने दबाव में शानदार गेंद डालकर टीम को यादगार जीत दिलाई।
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 207/5 रन बनाए। मिडल ऑर्डर में मार्क चैपमैन ने 28 गेंदों पर 78 रन की आतिशी पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 7 छक्के शामिल थे। डैरिल मिचेल ने 14 गेंदों पर नाबाद 28 रन बनाकर पारी को मजबूत फिनिश दिलाया।

टिम रॉबिन्सन (39) ने भी शानदार शुरुआत दी, जबकि कप्तान मिशेल सैंटनर ने अंत में 8 गेंदों पर 18 रन ठोके। वेस्टइंडीज की तरफ से मैथ्यू फोर्ड और रॉस्टन चेज़ ने 2-2 विकेट लिए।
वेस्टइंडीज की जुझारू पारी, पॉवेल और शेफर्ड ने जगाई उम्मीदें
लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज ने 204/8 रन बनाए। शुरुआत खराब रही जब ब्रैंडन किंग शून्य पर आउट हो गए, लेकिन अॅलिक एथनेज़ (33) और शाई होप (24) ने संभाला।
फिर रोवमैन पावेल ने महज 16 गेंदों पर 45 रन ठोककर मैच को जीवंत कर दिया। उनके बाद रोमेरियो शेफर्ड (34 रन, 16 गेंद) और मैथ्यू फोर्ड (29*, 13 गेंद) ने भी जीत की उम्मीदें जगाईं। मगर आखिरी गेंद पर टीम को जीत के लिए 6 रन चाहिए थे, और फोर्ड सिर्फ एक रन बना सके। अब सीरीज में दोनों टीमों ने 1-1 से बराबरी कर ली है।
न्यूजीलैंड के स्टार्स - सोढ़ी और जेमिसन के जलवे
न्यूजीलैंड की जीत में इश सोढ़ी का बड़ा योगदान रहा, जिन्होंने 3 विकेट झटके। सैंटनर और जेमिसन ने भी 2-2 विकेट लेकर वेस्टइंडीज को लक्ष्य से दूर रखा। मैच के हीरो मार्क चैपमैन को उनकी 78 रनों की तूफानी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।












Click it and Unblock the Notifications