NZ vs ENG: गस एटकिंसन ने हैट्रिक लेकर रचा इतिहास, 16 साल का सूखा खत्म, IPL ऑक्शन में रहे थे अनसोल्ड
New Zealand vs England Gus Atkinson: इंग्लैंड के तेज गेंदबाज गस एटकिंसन ने वेलिंग्टन में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में हैट्रिक लेकर इतिहास रच दिया। उन्होंने यह कमाल मैच के दूसरे दिन, शनिवार को किया। एटकिंसन की इस हैट्रिक के साथ ही उन्होंने 16 साल से चला आ रहा एक सूखा खत्म कर दिया, क्योंकि इंग्लैंड के किसी भी तेज गेंदबाज ने टेस्ट क्रिकेट में हैट्रिक नहीं ली थी।
गस एटकिंसन ने ऐसे ली हैट्रिक
गस एटकिंसन ने अपनी हैट्रिक में न्यूजीलैंड के तीन खिलाड़ियों को आउट किया। इस हैट्रिक की शुरुआत न्यूजीलैंड की पहली पारी के 35वें ओवर की तीसरी गेंद से हुई। सबसे पहले एटकिंसन ने तीसरी गेंद पर नाथन स्मिथ को आउट किया। इसके बाद चौथी गेंद पर मैट हेनरी को पवेलियन भेजा। जबकि पांचवीं गेंद पर साउदी को आउट करके अपनी हैट्रिक पूरी की और न्यूजीलैंड की पारी का अंत किया।

गस एटकिंसन का दमदार प्रदर्शन
गस एटकिंसन का प्रदर्शन दमदार रहा। न्यूजीलैंड की पहली पारी में उन्होंने 8.5 ओवर में 31 रन देकर हैट्रिक सहित 4 विकेट झटके, जिससे न्यूजीलैंड की टीम केवल 125 रन पर सिमट गई। इस धमाकेदार गेंदबाजी की वजह से इंग्लैंड को 155 रन की मजबूत बढ़त मिली। एटकिंसन की हैट्रिक ने मैच का पलड़ा इंग्लैंड के पक्ष में झुका दिया है।
ऑक्शन में किसी ने नहीं लगाया दांव
गस एटकिंसन को आईपीएल मेगा ऑक्शन में कोई खरीदार नहीं मिला था। उनका बेस प्राइस दो करोड़ था और वह अनसोल्ड रह गए थे। लेकिन उनकी दमदार गेंदबाजी को देखकर बतौर रिप्लेसमेंट उनकी एंट्री आईपीएल में हो सकती है।
जसप्रीत बुमराह ने किया था कमाल
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में अब तक चार गेंदबाजों ने हैट्रिक ली है और इनमें से भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पहले नंबर पर हैं। बुमराह ने साल 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट मैच में हैट्रिक ली थी। मैच के नौंवे ओवर की दूसरी, तीसरी और चौथी गेंद पर लगातार ब्रावो, ब्रुक्स और चेस को आउट कर बुमराह ने अपनी पहली टेस्ट हैट्रिक पूरी की।












Click it and Unblock the Notifications