Asian Games 2023: किसान की बेटी नेहा ठाकुर ने बढ़ाया देश का मान, सेलिंग इवेंट में सिल्वर मेडल जीत रचा इतिहास
Asian Games 2023, Neha Thakur: एशियन गेम्स के तीसरे दिन भारत को नेहा ठाकुर ने सिल्वर मेडल दिलाने का काम किया। नेहा ठाकुर ने महिला डिंगी नौकायन स्पर्धा (सेलिंग) में सिल्वर मेडल जीता है। यह भारत के लिए एशियन गेम्स के तीसरे दिन यानी कि मंगलवार को पहले और ओवरऑल 12वां मेडल रहा। पिछले दिन के खेल खत्म होने तक भारत ने दो गोल्ड सहित 11 मेडल अपने नाम किए थे। तीसरे दिन नेहा ठाकुर की बदौलत भारत के खाते में एक और मेडल आ गया है।
17 साल की उम्र में किया कमाल: नेहा की उम्र 17 साल है। भोपाल की रहने वाली नेहा ने एशियन गेम्स में भारतीय तिरंगे को शान से लहराने का कारनामा किया है। नेहा की उपलब्धि पर फैंस बेहद खुश हैं। सोशल मीडिया पर लगातार नेहा को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही है। अधिकतर फैंस नेहा को इस कामयाबी के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं। एशियन गेम्स में तीन दिनों के भीतर ही भारतीय खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन पर अपनी तरफ लोगों का ध्यान खींच लिया है।

नेहा का शानदार प्रदर्शन: एशियन गेम्स के तीसरे दिन नेहा का अभियान कुल 32 अंक के साथ खत्म हुआ। उनका नेट स्कोर हालांकि 27 अंक रहा जिससे वह थाईलैंड की गोल्ड मेडसल विजेता नोपासोर्न खुनबूनजान के बाद दूसरे स्थान पर रहीं। इस स्पर्धा का ब्रॉन्ज सिंगापुर की कीरा मैरी कार्लाइल के नाम रहा, जिनका नेट स्कोर 28 था।
किसान की बेटी हैं नेहा: नेहा मध्य प्रदेश के एक किसान की बेटी हैं। वह देवास जिले की हाटपिपलिया तहसील के अमलताज गांव की रहने वाली हैं। पिछले साल मार्च में नेहा ठाकुर और रितिका डांगी ने अबू धाबी में एशियाई सेलिंग चैम्पियनशिप में क्रमशः कांस्य पदक और स्वर्ण पदक जीता था। वहां पोडियम फिनिश ने उन्हें एशियाई खेलों के लिए क्वालीफाई करने में मदद की थी।












Click it and Unblock the Notifications