World Cup 2023: वर्ल्ड कप को लेकर पाकिस्तान ने फिर चली नई चाल, अहमदाबाद में फाइनल खेलने से किया इनकार
World Cup: वनडे वर्ल्ड कप 2023 के आयोजन का समय जैसे-जैसे नजदीक आता जा रहा है, पाकिस्तान की बेचैनी भी बढ़ने लगी है। अब पाकिस्तान ने इसके आयोजन को लेकर एक नया मुद्दा उठा दिया है। आइए जानते अब पीसीबी ने क्या मांग रखी है।

ICC World Cup 2023: वनडे वर्ल्ड कप 2023 का आयोजन इस साल अक्टूबर-नवंबर के दौरान भारत में होना है, लेकिन इसके वेन्यू को लेकर अभी तक कोई एक राय नहीं बन सकी है। इस बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष नजम सेठी (Najam Sethi) ने आईसीसी अध्यक्ष ग्रेग बार्कले को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कट्टर प्रतिद्वंद्वी भारत के खिलाफ विश्व कप मैच खेलने के बारे में अपनी आशंकाओं के बारे में सूचित किया है।
पीसीबी ने रखी नई मांग
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, पीसीबी (Pakistan Cricket Board) चाहता है कि उसके मैच कोलकाता, चेन्नई और बेंगलुरु में आयोजित किए जाएं। बार्कले और आईसीसी के महाप्रबंधक ज्योफ एलार्डिस हाल ही में कराची में पीसीबी प्रमुख से आश्वासन लेने के लिए गए थे कि वे अपने एकदिवसीय विश्व कप मैचों को न्यूट्रल वेन्यू पर खेलने की मांग नहीं करेंगे, क्योंकि एसीसी एशिया कप खेलने की हाइब्रिड मॉडल की मांग को खारिज करने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
पाकिस्तान नहीं चाहता अहमदाबाग में हो फाइनल मैच
पीसीबी के एक वरिष्ठ सूत्र के अनुसार, 'सेठी ने बार्कले और एलार्डिस को बता दिया है कि पाकिस्तान नहीं चाहता कि यह मैच अहमदाबाद में निर्धारित हो, जब तक कि यह फाइनल की तरह नॉक-आउट गेम न हो।' सूत्र ने बताया कि, 'उन्होंने आईसीसी से अनुरोध किया कि अगर राष्ट्रीय टीम को अक्टूबर और नवंबर में होने वाले वैश्विक कार्यक्रम के लिए भारत की यात्रा करने के लिए पाकिस्तान सरकार से मंजूरी मिल जाती है, तो वह चेन्नई, बेंगलुरु और कोलकाता में मैच खेलेंगे।'
रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल में हिस्सेदारी बढ़वाना चाहता है पाकिस्तान
पीसीबी अधिकारी ने यह भी बताया कि सेठी ने आईसीसी अधिकारियों से बीसीसीआई को एशिया कप के लिए पाकिस्तान के हाईब्रिड मॉडल को स्वीकार करने के लिए राजी करने के लिए कहा है। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि सेठी ने भी इस बात पर जोर दिया था कि वह नए रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल को तब तक स्वीकार नहीं करेंगे जब तक कि नए पांच साल के चक्र में इसकी हिस्सेदारी नहीं बढ़ाई जाती।
आईपीएल को लेकर कही ये बात
सूत्र ने कहा, 'सेठी ने कहा कि यह अनुचित है कि पाकिस्तान को ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की तुलना में नए चक्र (cycle) में आईसीसी राजस्व का कम हिस्सा मिलना चाहिए।' सेठी ने तर्क दिया कि ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड नियमित रूप से भारत के साथ बाइलेटरल सीरीज खेलते हैं और उनके खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग में भी हिस्सा लेते हैं, जिसका मतलब है कि आईपीएल प्रबंधन से दोनों बोर्डों को अतिरिक्त राजस्व मिलता है।
जल्द जारी हो सकता है वर्ल्ड कप का शेड्यूल
बीसीसीआई और आईसीसी के अधिकारी जो वर्तमान में विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल के लिए लंदन में हैं, उम्मीद की जा रही है कि अगले कुछ दिनों में विश्व कप के शेड्यूल को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications