'कोहली 3-4 महीने के लिए बाहर रहो, सब बदल जाएगा,' मुश्ताक ने दिया भूखे इंसान का उदाहरण
नई दिल्ली, 15 जुलाई: पाकिस्तान के खिलाड़ी अक्सर तब ज्यादा सक्रिय हो जाते हैं जब विराट कोहली की फॉर्म खराब होती है। आमतौर पर वहां के पूर्व क्रिकेटर कोहली को लेकर या तो सकारात्मक बात कहते हैं या काफी नकारात्मक। इसी बीच पाकिस्तान के मौजूदा कप्तान बाबर आजम ने विराट कोहली को लेकर जो ट्वीट किया वह पूर्व भारतीय कप्तान के लिए सपोर्ट दर्शाता है और इसकी सराहना की जा रही है।

3 से 4 महीने का ब्रेक लेने की सलाह दी
जब कोई टॉप का खिलाड़ी आपके लिए इस तरह की बात कहता है तो मानसिक तौर पर निश्चित रूप से शांति मिलती है। बाबर आजम का यह ट्वीट अप्रत्याशित जरूर था लेकिन वे इस तरह के कामों के लिए जाने जाते हैं। इसी बीच पाकिस्तान के एक और पूर्व क्रिकेटरमुश्ताक अहमद ने विराट कोहली को 3 से 4 महीने का ब्रेक लेने की सलाह दी है।मुश्ताक अहमद पाकिस्तान के एक ऐसे आला लेग स्पिनर रह चुके हैं जिनका नाम शेन वॉर्न और अनिल कुंबले के बाद आता था।

3-4 महीने के लिए बाहर रहो, सब बदल जाएगा
मुश्ताक अहमद कोचिंग करियर में सक्रिय रहे हैं और उनका मानना है विराट कोहली को कम से कम 3 से 4 महीने का ब्रेक हर फॉर्मेट से लेना चाहिए। अहमद का मानना है कि इससे विराट कोहली का दिमाग फिर से तरोताजा होगा जिससे वे और मजबूत वापसी कर पाएंगे। दरअसल गुरुवार को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में विराट कोहली से नाजुक समय में बड़ी पारी की उम्मीद थी लेकिन वे 25 गेंदों पर 16 रन बनाकर चलते बने।

मैं भी बाहर हो जाता था
भारत को करारी हार मिली क्योंकि अंग्रेजों ने उनको 100 रनों की भारी शिकस्त दी।मुश्ताक अहमद ने क्रिकेट पाकिस्तान से बात करते हुए कहा, ऐसे हालातों में विराट कोहली को बड़ी सीरीज नहीं खेली चाहिए। उनको क्रिकेट से 3 से 4 महीने का ब्रेक लेना ही है। जब मुझे भी बाहर निकाला जाता था या फिर आराम दिया जाता था तो मैं अपने साथियों को देखा करता था, टेलीविजन पर मैच चल रहे होते थे और इससे मेरे दिमाग को सकारात्मक ऊर्जा मिलती थी। जब आप ट्रेनिंग करते हो तब आप और अधिक तीव्रता दिखाते हो।

मुश्ताक ने दिया भूखे इंसान का उदाहरण
उन्होंने कहा, "अगर विराट तीन महीने बाद लौटता है, तो वह भूल जाएगा कि उसने टेस्ट में 27 शतक या वनडे में 40+ शतक बनाए हैं। फिर, वह एक नई शुरुआत करेगा और एकाग्रता का स्तर ऊंचा हो जाएगा। जब कोई भूखा होता है तो खाने का मजा और ज्यादा आता है, वह अधिक खाना खाता है। क्रिकेट के साथ भी ऐसा ही है। जब आप 3-4 महीने के बाद वापस आएंगे, तो आपकी ऊर्जा का स्तर और मानसिकता पूरी तरह से बदल जाएगी।"
थ्री लायंस के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलने के बाद कोहली वनडे और टी20 सीरीज के लिए वेस्टइंडीज नहीं जाएंगे। उन्होंने नवंबर 2019 में ईडन गार्डन्स में बांग्लादेश के खिलाफ डे-नाइट टेस्ट के बाद से भारत के लिए शतक नहीं बनाया है।












Click it and Unblock the Notifications