डेल स्टेन कहते हैं- स्पीड बढ़ाओ, भारत का ही पूर्व बॉलर बोला- उमरान स्पीड घटाओ, जानिए क्यों
नई दिल्ली, 29 अप्रैल: भारत के पूर्व तेज गेंदबाज मुनाफ पटेल को लगता है कि उमरान मलिक को डेल स्टेन से जितना हो सके, उतना ज्यादा सीख लेना चाहिए। डेल स्टेन सनराइजर्स हैदराबाद के बॉलिंग कोच है और उमरान इस टीम की नई सनसनी हैं। उमरान ने 150 की गति के साथ हर ओर अपनी गूंज सुनाई है। वह धाकड़ शरीर के मारक बॉलर हैं। उनकी तेज गेंदबाज इस समय आईपीएल में सबसे ज्यादा देखने वाली चीज है।

मुनाफ पटेल भी अपने जमाने में लगातार 145 की स्पीड निकालते थे और उनको भारत का शोएब अख्तर बताया गया था लेकिन बाद में ग्लेन मैकग्रा की लाइन-लेंथ से प्रभावित होकर इस बॉलर ने गतियों से समझौता किया और 130-135 की स्पीड वाले बॉलर रह गए। इसके बावजूद आज भी कई लोग मुनाफ को भारत के उस बॉलर के तौर पर याद करते हैं जिसने अपने आगमन के समय स्पीड से सनसनी मचाई थी।
मुनाफ ने इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में बताया कि डेल स्टेन के अंदर अहंकार नहीं हैं। उनका साथ उमरान को आगे लेकर जाएगा। दूसरा उमरान इस समय वो करेंगे जो स्टेन कहेंगे, ऐसे में उनके लिए सीखने का ये बेहतरीन अवसर है।

पटेल ने कहा कि उमरान के लिए स्टेन का साथ एक सुनहरे समय के जैसा है। उनके पास इससे अच्छा अवसर जीवन में फिर नहीं आएगा।
मुनाफ ने यह भी कहा कि उमरान को भारतीय हालातों में केवल अपनी लाइन और लेंथ पर फोकस करना है। वे कहते हैं कि जैसी लाइन और लेंथ स्टेन की थी, ऐसा फोकस उमरान के पास भी आ जाए तो उनको फिर कोई नहीं रोक सकता, बाकि सब उनकी फिटनेस पर निर्भर करता है। आपको स्पीड का कुछ बलिदान करना होगा। हमारी परिस्थितियां तेज गेंदबाजी के लिए आदर्श नहीं होती हैं। या तो आपको रिवर्स स्विंग करनी होती है या फिर नई गेंद पर निर्भर रहना होता है।
बता दें कि डेल स्टेन और सनराइजर्स का कोचिंग स्टाफ यह स्पष्ट कर चुका है कि वे उमरान से केवल तेज गति से गेंदबाजी चाहते हैं, भले ही कुछ रन पड़ जाएं लेकिन बदले में विकेट मिलते रहें।
कई लोगों को लगता है उमरान टी20 वर्ल्ड कप के लिए ऑस्ट्रेलिया जाएंगे लेकिन मुनाफ को लगता है कि मलिक को पहले टेस्ट मैच में मौका मिलेगा। हालांकि उनको निरंतरता दिखानी होगी क्योंकि भारतीय तेज गेंदबाजी विभाग में गंभीर प्रतियोगिता पहले ही मौजूद है।












Click it and Unblock the Notifications