मुंबई इंडियंस में सफाई अभियान शुरू, लसिथ मलिंगा सहित तीन की हुई छुट्टी, जयवर्धने को पहले किया जा चुका बाहर
आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस ने अपने सपोर्ट स्टाफ में बड़ा बदलाव किया है। पांच बार की चैंपियन टीम ने श्रीलंका के दिग्गज तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा, पारस म्हाम्ब्रे और फील्डिंग कोच कार्ल हॉपकिन्सन से अलग होने का फैसला किया है। फ्रेंचाइजी ने 29 अक्टूबर को इसकी जानकारी दी।
मुंबई इंडियंस के लिए सबसे बड़ी खबर मलिंगा की विदाई है। श्रीलंका के इस पूर्व तेज गेंदबाज का फ्रेंचाइजी के साथ लंबा और सफल रिश्ता रहा है। खिलाड़ी के रूप में उन्होंने मुंबई की कई खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई। उनकी सटीक यॉर्कर और डेथ ओवरों में गेंदबाजी करने की क्षमता ने उन्हें टी20 क्रिकेट के सबसे खतरनाक गेंदबाजों में शामिल किया। बाद में उन्होंने कोचिंग की जिम्मेदारी भी संभाली और गेंदबाजों को तैयार करने में योगदान दिया।

पारस म्हाम्ब्रे भी मुंबई इंडियंस के कोचिंग सेटअप का अहम हिस्सा रहे हैं। भारतीय क्रिकेट में कोच के रूप में लंबा अनुभव रखने वाले म्हाम्ब्रे ने गेंदबाजी विभाग के साथ काम किया। वह 2010 से 2017 तक मुंबई की टीम से जुड़े रहे और 2024 में दोबारा फ्रेंचाइजी में लौटे थे।
कार्ल हॉपकिन्सन आईपीएल 2025 से पहले मुंबई इंडियंस के फील्डिंग कोच बने थे। उनके जाने से टीम के फील्डिंग विभाग में भी बदलाव करना होगा। मुंबई इंडियंस ने तीनों के योगदान के लिए आभार जताया है, लेकिन उनके अलग होने की वजह और उनकी जगह लेने वाले कोचों के नाम का खुलासा नहीं किया है।
कीरोन पोलार्ड के सामने बड़ी चुनौती
मुंबई इंडियंस ने इससे पहले कीरोन पोलार्ड को आईपीएल 2027 के लिए अपना मुख्य कोच नियुक्त किया था। ऐसे में नए कोचिंग सेटअप को तैयार करना पोलार्ड के सामने अहम चुनौती होगी। टीम को गेंदबाजी, फील्डिंग और युवा खिलाड़ियों के विकास के लिए मजबूत व्यवस्था बनानी होगी।
नीलामी से पहले की रणनीति
पिछले कुछ सीजन में सफलता नहीं मिलने के बाद मुंबई इंडियंस अब नए सिरे से तैयारी करना चाहेगी। हालांकि, तीन कोचों की विदाई के बाद टीम की रणनीति में किस तरह के बदलाव होंगे, यह नए सपोर्ट स्टाफ की घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा। नीलामी से पहले मुंबई इंडियंस अपने स्टाफ की घोषणा कर सकती है। प्लेयर्स को रिटेन और रिलीज करने की रणनीति को भी इससे जोड़कर देखा जा रहा है।


Click it and Unblock the Notifications
