WPL के फाइनल में पहुंची मुंबई इंडियंस, एलिमिनेटर मैच में यूपी वॉरियर्स को 72 रन से हराया
महिला प्रीमियर लीग के एलिमिनेटर मैच में मुंबई इंडियंस ने यूपी वॉरियर्स को 72 रनों से हरा दिया है। इस जीत के साथ मुंबई ने फाइनल में जगह बना ली है। फाइनल में मुंबई का मुकाबला अब दिल्ली से होगा।

महिला प्रीमियर लीग के एलिमिनेटर मैच में मुंबई इंडियंस ने यूपी वॉरियर्स को 72 रनों से मात दे दी है। 183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपी की पूरी टीम 17.4 ओवर में सिर्फ 110 रनों पर ऑलआउट हो गई। यूपी वॉरियर्स को इस शर्मनाक हार की तरफ ढकेलने के काम मुंबई इंडियंस की तेज गेंदबाज ईसी वोंग ने किया। ईसी वोंग ने महिला आईपीएल की पहली हैट्रिक अपने नाम की। उन्होंने 4 ओवर की गेंदबाजी में रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। वोंग के अलावा मुंबई की ओर से सायका को 2 जबकि ब्रूंट और हायली मैथ्यूज को 1-1 विकेट मिला। यूपी की तरफ से किरण नवगिरी हाई स्कोरर रहीं। उन्होंने 27 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से 43 रन की विस्फोटक पारी खेली।
मुंबई ने 20 ओवर में बनाए थे 182 रन
आपको बता दें कि यूपी वॉरियर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने आई मुंबई की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 182 रन बनाए थे। मुंबई की ओर से ब्रूंट ने सबसे अधिक 72 रन की पारी खेली। उन्होंने 38 गेंदों में 9 चौके और 2 छक्कों की मदद से 72 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। ब्रूंट के अलावा यास्तिका भाटिया ने 21 और हायली मैथ्यूज ने 26 रन का योगदान दिया था। डेथ ओवर्स में मेली केर ने 19 गेंदों में 29 रन की तेज पारी खेलकर अपनी टीम को एक बड़े स्कोर पर पहुंचाया था। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने आज सिर्फ 14 रन बनाए थे।
वोंग की हैट्रिक से चित हुई यूपी वॉरियर्स
183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपी की शुरुआत ही बेहद खराब रही थी। यूपी को पहला झटका 8 के स्कोर पर ही लग गया था। टीम ने 21 रन के स्कोर पर ही 3 विकेट गंवा दिए थे। श्वेता सेहरावत एक, ताहलिया मैक्ग्रा 7 और एलिसा हीली 11 रन बनाकर आउट हो गई थीं। टॉप ऑर्डर के फेल होने के बाद वोंग ने मिडिल ऑर्डर को ध्वस्त करने का काम किया। वोंग ने यूपी की पारी के 13वें ओवर में हैट्रिक ली। वोंग ने अपने उस ओवर में सिर्फ 2 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। वोंग ने अपने इस ओवर में पहले सेट बल्लेबाज किरण नवगिरी (43) का विकेट लिया। इसके बाद उन्होंने सिमरन शेख और सोफी एकलेस्टोन का विकेट लिया।
यूपी वॉरियर्स के खिलाफ मिली इस शानदार जीत के साथ ही मुंबई ने फाइनल में अपनी जगह बना ली है। फाइनल में अब मुंबई का मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स से होगा। यह फाइनल 26 मार्च को खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications