मुजीब की सबसे तेज फिफ्टी गई बेकार, पाकिस्तान ने अफगानिस्तान का किया सूपड़ा साफ़
Afghanistan vs Pakistan: पाकिस्तान ने तीसरे और अंतिम वनडे मैच में अफगानिस्तान को 59 रनों से हराते हुए सीरीज 3-0 से जीत ली। पाकिस्तान ने पहले बैटिंग करते हुए 8 विकेट पर 268 रनों का स्कोर बनाया। जवाब में खेलते हुए अफगानिस्तान की टीम 209 पर ऑल आउट हो गई। मुजीब उर रहमान ने रिकॉर्ड फिफ्टी जड़ी।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने फ़खर जमान का विकेट गंवाया। वह 27 रन बनाकर आउट हुए। उनके बाद इमाम उल हक भी 13 रन के निजी स्कोर पर चलते बने। यहाँ से बाबर आज़म और मोहम्मद रिज़वान ने मोर्चा संभाल लिया।

बाबर आज़म और रिज़वान ने मिलकर बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। दोनों ने अपने-अपने अर्धशतक जड़े और तीसरे विकेट के लिए शतकीय भागीदारी भी की। बाबर आज़म 60 और रिजवान 67 रन बनाकर आउट हो गए। आगा सलमान के बल्ले से भी 38 रन आए।
पिछले मैच में जीत के हीरो रहे शादाब खान इस बार फ्लॉप रहे, वह 3 रन के निजी स्कोर पर चलते बने। निचले क्रम से मोहम्मद नवाज ने 30 रन बनाकर पाकिस्तान को 8 विकेट पर 268 रन के कुल स्कोर तक पहुंचा दिया। अफगानिस्तान के लिए गुलबदीन नैब फरीद अहमद ने 2-2 विकेट झटके।
जवाबी पारी में खेलते हुए अफगानिस्तान के बेहद खराब शुरुआत रही। पिछले मैच में शतक जड़ने वाले गुरबाज महज 5 रन के निजी स्कोर पर चलते बने। इब्राहिम जादरान बिना खाता खोले आउट हो गए। यहाँ से अफगानिस्तान ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए।
शहीदुल्लाह कमाल के बल्ले से 37 रन आए और निचले क्रम से मुजीब उर रहमान ने तूफानी बैटिंग करते हुए 26 गेंदों में फिफ्टी जमा दी। अफगानिस्तान की तरफ से वनडे में सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड मुजीब ने बना दिया। मुजीब उर रहमान तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों में 64 रन बनाकर हिटविकेट आउट हो गए। इसके बाद टीम 209 रन बनाकर सिमट गई। शादाब खान ने 3 विकेट झटके, शाहीन अफरीदी और फहीम अशरफ को 2-2 विकेट मिले।












Click it and Unblock the Notifications