CSA T20 League में खेलेंगे MS धोनी? दक्षिण अफ्रीकी लीग में CSK के फ्रेंचाइजी खरीदने के बाद तेज हुईं अटकलें
इंडियन प्रीमियर लीग टीम के मालिकों ने दक्षिण अफ्रीका की नई घरेलू टी20 लीग की सभी छह फ्रेंचाइजी खरीदी हैं।
नई दिल्ली, जुलाई 20। इंडियन प्रीमियर लीग टीम के मालिकों ने दक्षिण अफ्रीका की नई घरेलू टी20 लीग की सभी छह फ्रेंचाइजी खरीदी हैं। क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसए) ने बुधवार को आईपीएल के बढ़ते ग्लोबल फुटप्रिंट को रेखांकित किया। चार बार की आईपीएल विजेता चेन्नई सुपर किंग्स के मालिकों ने जोहान्सबर्ग टीम को खरीद लिया है। इसके बाद से ही अटकलें लगाई जा रही हैं कि क्या सीएसके के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी दक्षिण अफ्रीकी टी 20 लीग में खेलेंगे।

चार बार जीता खिताब
दिलचस्प बात यह है कि धोनी आईपीएल की शुरुआत से ही सीएसके का हिस्सा रहे हैं। उनकी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने 2010, 2011, 2018 और 2021 इंडियन प्रीमियर लीग खिताब और 2010 और 2014 चैंपियंस लीग T20 खिताब जीते। साथ ही 2008, 2012, 2013, 2015 और 2019 लीग सीजन में उपविजेता रही। हालांकि आईपीएल 2022 में चेन्नई का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था। 15वें सीजन में चेन्नई ने 14 में से सिर्फ 4 ही मुकाबले जीते और टीम 9वें पायदान पर रही।

नए वेंचर का हिस्सा बनेंगे?
गौरतलब है कि सीएसके ने 1.5 मिलियन अमेरिकी डॉलर में धोनी से कॉन्ट्रैक्ट किया था। वह पहले सीजन नीलामी में आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी थे। विकेटकीपर-बल्लेबाज धोनी चेन्नई के लिए 200 टी20 मैच खेलने वाले पहले खिलाड़ी भी हैं। यह देखते हुए कि धोनी सीएसके के लिए कितने महत्वपूर्ण हैं, फैंस अनुमान लगा रहे हैं कि क्या भारत के पूर्व कप्तान एक बार फिर अपने नए वेंचर का हिस्सा बनकर फ्रेंचाइजी के मालिकों के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

MI ने खरीदी न्यूलैंड्स फ्रेंचाइजी
आईपीएल की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस के मालिक रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने सीएसए लीग की न्यूलैंड्स फ्रेंचाइजी खरीदी है। दक्षिण अफ्रीका की यह घरेलू लीग अगले साल जनवरी में शुरू होने वाली है। दिल्ली कैपिटल्स का मालिकाना हक रखने वाले जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स ने प्रिटोरिया, जबकि आईपीएल के लखनऊ सुपर जायंट्स, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के मालिकों ने क्रमशः डरबन, गकेबेरा (पूर्व में पोर्ट एलिजाबेथ) और पार्ल फ्रेंचाइजी के लिए सफलतापूर्वक बोली लगाई।

लीग कमिश्नर ने कही ये बात
लीग कमिश्नर ग्रीम स्मिथ ने एक बयान में कहा, "यह दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट के लिए वास्तव में एक रोमांचक समय है। उन्होंने कहा कि "संबंधित मालिकों और उनके द्वारा प्रबंधित वैश्विक ब्रांडों की मजबूत खेल पृष्ठभूमि यह सुनिश्चित करती है कि दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट और व्यापक उद्योग उनकी विशेषज्ञता और संसाधनों से लाभान्वित होंगे, क्योंकि वह लीग में स्थिरता और अनुभव लाते हैं।" हमने पहले ही कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को अनुबंधित कर लिया है जिनकी घोषणा जल्द ही की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications