MS Dhoni Birthday: धोनी की वो 5 एतिहासिक पारियां, जो कभी नहीं भूलेंगे फैंस
MS Dhoni Birthday: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आज 44 साल के हो गए हैं। देशभर में उनके फैंस थाला का जन्मदिन काफी धूमधाम से मना रहे हैं। धोनी ने अपने करियर में कई ऐसे लम्हे दिए जो क्रिकेट फैंस के दिल में हमेशा जिंदा रहेंगे। उनकी कप्तानी में भारत ने लगभग हर इंटरनेशनल ट्रॉफी जीती, लेकिन एक खिलाड़ी के तौर पर भी धोनी ने कई बार भारत को संकट से उबारा। आइए नजर डालते हैं उनकी इंटरनेशनल क्रिकेट की 5 सबसे दमदार पारियों पर...
91* बनाम श्रीलंका - 2011 वर्ल्ड कप फाइनल (MS Dhoni Birthday)
वर्ल्ड कप 2011 का फाइनल मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 277 रन बनाए। भारत की शुरुआत खराब रही, लेकिन गौतम गंभीर और विराट कोहली ने पारी को संभाला। 114/3 पर जब गंभीर खेल रहे थे, तब धोनी बल्लेबाजी करने आए - वो भी तब, जब पूरे टूर्नामेंट में उनका फॉर्म खराब था। धोनी ने 79 गेंदों में नाबाद 91 रन बनाए और भारत को 28 साल बाद वर्ल्ड कप जिताया। उनका विजयी छक्का आज भी करोड़ों फैंस की यादों में बसा है।

113* बनाम पाकिस्तान - चेन्नई, 2012
भारत ने पहले बल्लेबाजी की और जल्दी ही 29 रन पर 5 विकेट गंवा दिए। टीम संकट में थी, लेकिन धोनी ने हार नहीं मानी। उन्होंने रैना और फिर अश्विन के साथ अहम साझेदारियां निभाईं और टीम को 227 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। धोनी ने 125 गेंदों पर नाबाद 113 रन बनाए। भले ही भारत ये मैच हार गया, लेकिन धोनी की पारी आज भी फैंस को याद है।
99 बनाम इंग्लैंड - नागपुर, 2012 टेस्ट
नागपुर टेस्ट में भारत 71/4 के संकट में था। तब धोनी और विराट कोहली ने मिलकर टीम को संभाला। धोनी ने 246 गेंदों पर 99 रन बनाए, हालांकि वो शतक से चूक गए। यह पारी भारतीय बल्लेबाजी की मजबूती और धैर्य का उदाहरण थी, जिसने टीम को हार से बचाया।
183* बनाम श्रीलंका - जयपुर, 2005
श्रीलंका के 299 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत साधारण रही। धोनी को नंबर 3 पर भेजा गया और उन्होंने 145 गेंदों पर नाबाद 183 रन बनाकर श्रीलंकाई गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। इस पारी की बदौलत भारत ने मैच 23 गेंदें शेष रहते जीत लिया।
76* बनाम इंग्लैंड - लॉर्ड्स, 2007 टेस्ट
लॉर्ड्स के मैदान पर भारत को 380 रनों का लक्ष्य मिला था। टीम मुश्किल में थी और आखिरी विकेट बचाने की लड़ाई चल रही थी। धोनी ने 76 रन बनाकर आखिरी विकेट के साथ इंग्लैंड को जीत से रोका। बारिश आई और मैच ड्रॉ हो गया, लेकिन धोनी की ये पारी भारत को हार से बचा गई।












Click it and Unblock the Notifications