T20 World Cup से कुछ घंटे पहले बदला भारत का गेम प्लान, अचानक कैसे हुई मोहम्मद सिराज की एंट्री?
Mohammed Siraj to replace injured Harshit Rana: टी20 वर्ल्ड कप के आगाज से ठीक पहले टीम इंडिया के खेमे से एक बहुत बड़ी और बुरी खबर सामने आई है। घातक गेंदबाजी और लॉअर ऑर्डर में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए मशहूर युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट के कारण वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं।
सूत्रों ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि सेलेक्टर्स आज शाम तक मोहम्मद सिराज को उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर चुन सकते हैं। टीम मैनेजमेंट को गुरुवार शाम को हर्षित की परेशानी के बारे में बताया गया था।

हर्षित राणा के बाहर होने की कहानी किसी झटके से कम नहीं है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वार्मअप मैच के दौरान ही खतरे के संकेत मिल गए थे।
- दो बार बीच में छोड़ा रन-अप: गेंदबाजी के दौरान हर्षित काफी असहज दिखे और एक ही ओवर में दो बार अपनी रन-अप स्ट्राइड पूरी नहीं कर पाए।
- घुटने में तेज दर्द: इसके तुरंत बाद हर्षित अपना घुटना पकड़कर दर्द से कराहते हुए दिखे।
- मैदान से बाहर: वह लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए और पूरे मैच में सिर्फ एक ही ओवर फेंक सके, जिसमें उन्होंने 16 रन दिए।
कप्तान सूर्याकुमार ने क्या कहा?
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में हर्षित की चोट पर चिंता जताते हुए कहा कि फिजियो अभी उनकी जांच कर रहे हैं, लेकिन स्थिति अच्छी नहीं दिख रही है। सूर्या ने माना कि 15 खिलाड़ियों के कॉम्बिनेशन को देखते हुए हर्षित का बाहर होना टीम के लिए एक 'बड़ा झटका' है।
सिराज की एंट्री और टीम इंडिया का नया प्लान
सूत्रों के मुताबिक, सेलेक्टर्स शाम तक मोहम्मद सिराज के नाम पर आधिकारिक मुहर लगा सकते हैं। सूर्या ने साफ किया कि अगर हर्षित बाहर होते हैं, तो टीम के पास तेज गेंदबाजी के पर्याप्त विकल्प मौजूद हैं। हर्षित के नंबर 9 पर बल्लेबाजी करने के सवाल पर सूर्या ने चुटकी लेते हुए कहा, 'अगर वह बाहर होते हैं तो हम उन्हें मिस करेंगे, लेकिन अगर नंबर 9 का बल्लेबाज नहीं है, तो हमारे पहले 8 बल्लेबाजों का क्या काम? उन्हें जिम्मेदारी उठानी होगी।'












Click it and Unblock the Notifications