Video: अफगानिस्तान के खिलाफ जब मुश्किल में थी टीम इंडिया, आखिरी ओवर में इस गेंदबाज ने बदल दिया परिणाम
आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। हर घटते दिन के साथ फैंस की धड़कनें बढ़ती जा रही हैं। भारत की मेजबानी में टूर्नामेंट के 13वें सीजन का आगाज 5 अक्टूबर से होने जा रहा है, जहां हर मुकाबला रोमांचक होगा, लेकिन क्या आपको 22 जून 2019 के वर्ल्ड कप का वो मैच याद है, जब अफगानिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया मुश्किल में थी, आइए जानते हैं फिर क्या हुआ?
दरअसल, आईसीसी विश्व कप-2019 में भारत और अफगानिस्तान के बीच द रोज बाउल स्टेडियम में मैच खेला जा रहा था। यह मुकाबला बेहद रोमांचक स्थिति में पहुंच गया था, क्योंकि अफगानी टीम ने टूर्नामेंट में बड़ी जीत हासिल करने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी।

इस मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान को जीत के लिए 225 रन का लक्ष्य दिया। दिलचस्प बात ये रही की भारत की घातक गेंदबाजी के बाद भी अफगानिस्तान की टीम इस मैच को आखिरी ओवर तक ले गई। अब उन्हें आखिरी छह गेंदों पर जीत के लिए मात्र 16 रन बनाने थे।
क्रीज पर नाबाद मोहम्मद नबी 48 रन बनाकर शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे। दोनों टीमें हार मानने को तैयार नहीं थी, इधर कप्तान विराट कोहली ने मैच का आखिरी ओवर डालने की जिम्मेदारी मोहम्मद शमी को दी। शमी के ओवर की पहली गेंद पर नबी ने चौका लगाकर अपनी हाफ सेंचुरी पूरी कर ली। अब अफगान टीम का जोश हाई हो चुका था।
अब किसी को नहीं पता था कि आगे क्या कुछ होने वाला है, लेकिन मोहम्मद शमी को कुछ और ही मंजूर था। उन्होंने अगली तीन गेंद पर एक के बाद एक लगातार तीन विकेट गिराकर शानदार हैट्रिक पूरी की और इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत को शानदार जीत दिला दी। चेतन शर्मा के बाद भारत की ओर से वर्ल्ड कप में हैट्रिक लेने वाले शमी दूसरे गेंदबाज बन गए। चेतन शर्मा ने 1987 में हैट्रिक ली थी।
इस मुकाबले में भारत की ओर से कप्तान विराट कोहली ने 67 रन, केदार जाधव ने 52 रन, केएल राहुल ने 30 रन, विजय शंकर ने 29 रन और महेंद्र सिंह धोनी ने 28 रन बनाए। इस मैच में शमी ने लगातर जिन तीन खिलाड़ियों को आउट किया उनमें पहला विकेट मोहम्मद नबी, दूसरा आफताब आलम और 5वीं गेंद पर मुजीब उर रहमान को पवेलियन भेज दिया। इसके साथ ही भारत ने 11 रनों से ये दिलचस्प मैच जीत लिया।












Click it and Unblock the Notifications