दो बार 160 kph से भी ऊपर स्पीड निकाली! लेकिन कोई इस बॉलर को सबसे फास्ट नहीं कहता
नई दिल्ली, 1 मई: इस समय तेज स्पीड की चर्चा जोरों पर है क्योंकि आईपीएल का 2022 सीजन उमरान मलिक की तूफानी रफ्तार ने बड़ा मजेदार बना दिया है। ऐसे तेज गेंदबाज भारत से बिरले ही होते हैं जो लगातार 150 किलोमीटर प्रति घंटा रफ्तार से गेंदबाजी कर सकें। उमरान मलिक ऐसा कर रहे हैं और उनको चर्चा मिल रही है। भारत के पूर्व ओपनर वसीम जाफर का तो यह तक कहना है कि उमरान मलिक आगे चलकर अपनी स्पीड को 160 तक भी कर सकते हैं। उमरान की उम्र और तगड़े शरीर को देखते हुए ऐसा हो भी सकता है।

स्पीड पर अब तक पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया का जलवा रहा है
स्पीड पर अब तक पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया का जलवा रहा है। वहां शोएब अख्तर और ब्रेट ली ने बहुत तेज गेंदें फेंकी हैं। मोहम्मद समी और शॉन टेट भी बहुत तेज गति के गेंदबाज थे। पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद समी सुपर फास्ट बॉलर थे लेकिन वे शोएब की स्पीड के आगे दबे रहे। समी को बहुत ज्यादा सफलता भी नहीं मिली। वे अंदर-बाहर होते रहे और कुछ खास नाम नहीं कमा पाए। हालांकि एक्सपर्ट लोग उनकी बहुत तारीफ करते रहे, लेकिन समी को इंटरनेशनल लेवल पर बहुत सफलता कभी नहीं मिल पाई।

मैंने दो 160kmph की रफ्तार को छुआ
लेकिन समी अपनी गतियों से प्रभावित करने में हमेशा सफल रहते थे। दुबले पतले होने के बावजूद वह आसानी से 150 की रफ्तार छू लेते थे। समी का कहना है कि उन्होंने दो गेंद ऐसी फेंकी जो 160 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार को छूने में कामयाब रही लेकिन स्पीड गन ये सब रिकॉर्ड नहीं कर पाई क्योंकि वह काम ही नहीं कर रही थी।
समी ने paktv.tv. पर बात करते हुए कहा, मैंने दो 160kmph की रफ्तार को छुआ है। एक बार 162 की स्पीड थी और दूसरी बार 164 की लेकिन यह दर्ज नहीं हो सकी। मुझे बताया गया कि स्पीड गन काम नहीं कर रही है। इसलिए गेंदों को काउंट नहीं किया जा सकता।

सबसे तेज गेंद का रिकॉर्ड शोएब अख्तर के नाम
समी आगे कहते हैं कि 160 की स्पीड से फेंकी जाने वाली गेंद एक दो ही होती है। ऐसा बहुत कम होता है।
क्रिकेट में सबसे तेज गेंद का रिकॉर्ड शोएब अख्तर के नाम है जिन्होंने 161.3 की स्पीड से गेंद फेंकी थी। यह बॉल न्यूजीलैंड के खिलाफ साल 2002 में फेंकी गई थी। ऑस्ट्रेलिया के ब्रेट ली और शॉन टेट भी 160 की स्पीड दर्ज करने में कामयाब रहे थे। लेकिन समी का कहना है उन्होंने तो दो बार ऐसा किया पर उसको दर्ज ही नहीं किया गया।

सबसे तेज गेंद 156.4 kph की गति तक रह गई-
समी ने 36 टेस्ट, 87 एकदिवसीय और 13 T20I में अपने देश का प्रतिनिधित्व किया, और उनके नाम पर दर्ज की गई सबसे तेज गेंद 156.4 kph की गति से है, जो उन्होंने वर्ष 2003 में जिम्बाब्वे के खिलाफ शारजाह में खेलते समय लगाई थी। उन्होंने 2000-2001 में ऑकलैंड में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने पहले टेस्ट में 8 विकेट चटकाए। अपने पहले टेस्ट के दो साल बाद, उन्होंने एशियाई टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ हैट्रिक भी हासिल की।
उस वर्ष के अंत में वेस्ट इंडीज के खिलाफ एक वनडे में, उन्होंने अपनी दूसरी हैट्रिक ली और टेस्ट और एकदिवसीय दोनों में हैट्रिक रिकॉर्ड करने वाले दूसरे पाकिस्तानी गेंदबाज बन गए।












Click it and Unblock the Notifications