क्रिकेट जगत में शोक की लहर, 37 साल की उम्र में भारतीय क्रिकेटर का निधन, मैच के दौरान अचानक हुए थे बेहोश!
Ranji Trophy Cricketer: मिजोरम क्रिकेट जगत से एक अत्यंत दुखद खबर सामने आई है। राज्य के होनहार क्रिकेटर लालरेमरूता खियांग्ते (Lalremruata Khiangte) का एक मैच के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद निधन हो गया है। खेल के मैदान पर हुई इस अनहोनी ने पूरे खेल जगत को शोक में डुबो दिया है। इस खबर ने हर खेल प्रेमी का दिल दहला दिया है।
रणजी ट्रॉफी खेल चुके थे खियांग्ते (Ranji Trophy Cricketer)
मिजोरम के लिए रणजी ट्रॉफी खेल चुके क्रिकेटर लालरेमरूता खियांग्ते अब हमारे बीच नहीं रहे। गुरुवार को सिहमुई (Sihhmui) में आयोजित एक स्थानीय टूर्नामेंट के दौरान उन्हें अचानक स्वास्थ्य संबंधी समस्या हुई, जिसके कुछ ही घंटों बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। जानकारी के अनुसार लालरेमरूता खियांग्ते अपनी टीम 'वेनघ्नुई रेडर्स क्रिकेट क्लब' की ओर से 'चावनपुई ILMOV क्रिकेट क्लब' के खिलाफ मैच खेल रहे थे।

मैच के दौरान सांस लेने में हुई तकलीफ
मैच के दौरान उन्हें अचानक सांस लेने में भारी कठिनाई महसूस हुई और वे मैदान पर ही गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें चिकित्सा सहायता दी गई और अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। बताया जा रहा है कि उन्हें स्ट्रोक आया था, जो जानलेवा साबित हुआ। 37 वर्षीय लालरेमरूता खियांग्ते मिजोरम क्रिकेट का एक जाना-माना नाम थे।
खेल मंत्री ने जताया शोक
लालरेमरूता खियांग्ते ने 2018 से 2022 के बीच राज्य की सीनियर टीम का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने मिजोरम के लिए 2 प्रथम श्रेणी (रणजी ट्रॉफी) मैच खेले थे। टी-20 फॉर्मेट में उन्होंने 7 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी मैचों में राज्य का प्रतिनिधित्व किया। इसके अलावा वे स्थानीय स्तर पर कई प्रतिष्ठित क्लबों के प्रमुख खिलाड़ी रहे थे। इस दुखद घटना पर मिजोरम के खेल एवं युवा सेवा मंत्री लालंगिंगलोवा हमार ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि लालरेमरूता खियांग्ते का इस तरह जाना खेल जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। मैच के दौरान उन्हें सांस लेने में दिक्कत हुई थी। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और मित्रों के साथ हैं। वहीं, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ मिजोरम (CAM) ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि लालरेमरूता खियांग्ते एक समर्पित खिलाड़ी थे। उन्होंने रणजी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में हमारे राज्य का गौरव बढ़ाया। दुख की इस घड़ी में हमारी प्रार्थनाएं उनके परिवार के साथ हैं।












Click it and Unblock the Notifications