Mitchell Starc ने तोड़ा 32 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड, वकार यूनुस को पछाड़ रचा इतिहास
Mitchell Starc World Record: ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने क्रिकेट इतिहास के पन्नों में अपना नाम स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज करा लिया है। साल 2025 स्टार्क के करियर के लिए बेहद शानदार गुजर रहा है। इस साल उन्होंने पाकिस्तान के महान गेंदबाज वकार यूनिस का 32 साल पुराना विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया है। स्टार्क ने अपनी दमदार गेंदबाजी से ये खास रिकॉर्ड अपने नाम किया।
टूट गया वकार यूनिस का रिकॉर्ड (Mitchell Starc World Record)
मिचेल स्टार्क ने साल 2025 में अब तक 10 टेस्ट मैचों में कुल 51 विकेट झटके हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट महज 28.7 रहा है। टेस्ट क्रिकेट के 148 साल के इतिहास में एक कैलेंडर वर्ष में 50 से अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों में यह अब तक का सबसे बेहतरीन स्ट्राइक रेट है। इससे पहले यह रिकॉर्ड वकार यूनिस के नाम था, जिन्होंने 1993 में 29.5 के स्ट्राइक रेट से 55 विकेट लिए थे। स्टार्क अब इतिहास के इकलौते ऐसे गेंदबाज बन गए हैं जिनका स्ट्राइक रेट 50 विकेट लेने के बाद 29 से भी कम रहा है।

एशेज 2025 में स्टार्क का दबदबा
एशेज सीरीज के दौरान स्टार्क अपनी घातक लय में नजर आ रहे हैं। एडिलेड ओवल में खेले गए तीसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 82 रनों से हराकर सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है। इस जीत में स्टार्क की भूमिका अहम रही। उन्होंने मैच की चौथी पारी में 62 रन देकर 3 अहम विकेट चटकाए, जबकि पहली पारी में भी एक विकेट लिया था। सिर्फ गेंदबाजी ही नहीं, उन्होंने बल्ले से भी अर्धशतक जड़कर अपनी उपयोगिता साबित की।
स्टार्क फिर कर सकते हैं कमाल
35 वर्षीय स्टार्क के पास अपने इस रिकॉर्ड को और बेहतर करने का सुनहरा मौका है। साल का आखिरी मैच 'बॉक्सिंग डे टेस्ट' के रूप में 26 दिसंबर से मेलबर्न (MCG) में खेला जाएगा। यदि स्टार्क वहां भी अपनी लय बरकरार रखते हैं, तो वह अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ आंकड़ों को और नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। स्टार्क का पिछला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2016 में था जब उन्होंने 50 विकेट लिए थे, लेकिन 2025 की उनकी धार और सटीकता ने उन्हें सर्वकालिक महान तेज गेंदबाजों की श्रेणी में खड़ा कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications