ऐसा मैच आपने पहले कभी नहीं देखा होगा… कीवी टीम ने आयरलैंड के मुंह से छीनी जीत, बने कई रिकॉर्ड्स
क्रिकेट इतिहास में अपने एक से बढ़कर एक मुकाबले देखे होंगे। कई रिकॉर्ड्स को बनते और टूटते भी कई बार देखा होगा,
डबलिन, 11 जुलाई: क्रिकेट इतिहास में अपने एक से बढ़कर एक मुकाबले देखे होंगे। कई रिकॉर्ड्स को बनते और टूटते भी कई बार देखा होगा, लेकिन न्यूजीलैंड और आयरलैंड के बीच जो हुआ सबसे अलग था। रविवार को न्यूजीलैंड और आयरलैंड के बीच डबलिन के मैदान पर ऐतिहासिक वनडे मैच खेला गया, जहां कीवी टीम ने आखिरी ओवर में केवल 1 विकेट से जीत दर्ज की। न्यूजीलैंड ने भले ही 1 विकेट से मैच जीता हो, लेकिन टीम की जीत किसी धमाकेदार जीत के कम नहीं रही।

आखिरी ओवर में चाहिए थे 20 रन
दरअसल, आयरलैंड ने न्यूजीलैंड को जीत के लिए 301 रन का टारगेट दिया था और पारी के आखिरी ओवर में कीवी टीम को जीत के लिए 20 रन बनाने थे। लेकिन टीम के पास सिर्फ 1 विकेट बचा था। ऐसे में न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल (Michael Bracewell) ने ऐसा कुछ कर दिखाया, जिसकी तारीफ आज हर कोई कर रहा है। ब्रेसवेल ने क्रेग यंग के ओवर में 24 रन बनाकर न्यूजीलैंड को रिकॉर्ड जीत दिलाई।

ऐसा बने आखिरी ओवर में 24 रन
आयरलैंड की ओर से क्रेग यंग गेंदबाजी के लिए आए। कीवी टीम के लिए शतक बना चुके माइकल ब्रेसवेल 103 रन के निजी स्कोर पर बल्लेबाजी कर रहे थे और दूसरे छोर पर लॉकी फर्ग्यूसन मौजूद थे।
49.1: ओवर की पहली गेंद पर ब्रेसवेल ने लेग साइड पर शानदार चौका लगाया।
49.2: दूसरी गेंद पर ब्रेसवेल ने फिर हाथ खोले और स्क्वायर लेग और फाइन लेक के बीच में शानदार चौका जमाया।
49.3: तीसरी गेंद पर माइकल ब्रेसवेल ने डीप मिड विकेट पर बेहतरीन छक्का लगाया।
49.4: चौथी गेंद पर उन्होंने डीप मिड विकेट और डीप स्क्वायर लेग पर फिर चार रन हासिल किए। अब कीवी टीम को जीत के लिए दो गेंदों पर 2 रन की दरकार थी।
49.5: पांचवीं गेंद पक माइकल ने लॉन्ग ऑन पर शानदार छक्का लगाकर न्यूजीलैंड को यादगार जीत दिलाई।
View this post on Instagram

कीवी टीम और ब्रेसवेल ने रचा इतिहास
क्रिकेट इतिहास में इससे पहले कभी भी 50वें ओवर में किसी टीम ने 20 रन बनाकर जीत दर्ज नहीं की थी। लेकिन अब कीवी टीम के नाम पर ये वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। 31 वर्षीय माइकल ब्रेसवेल 82 गेंदों में 127 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी इस पारी में उन्होंने 10 चौके और 7 छक्के लगाए। इंटरनेशनल क्रिकेट में उनका ये पहला शतक रहा। इस मैच जिताऊ पारी के लिए ब्रेसवेल को मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला।

नंबर 7 पर सबसे बड़ी पारी
माइकल ब्रेसवेल वनडे क्रिकेट में टारगेट का पीछे करते हुए नंबर-7 पर सबसे बड़ी पारी खेलने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं। उनसे पहले ये रिकॉर्ड केन्या के पूर्व कप्तान थॉमस ओडोयो के नाम पर दर्ज था। ओडोयो ने साल 2007 में कनाडा के खिलाफ नाबाद 111 रन की पारी खेली थी। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर अब्दुल रज्जाक का नाम आता है। रज्जाक ने 2010 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 109 रन बनाए थे।

आयरलैंड ने भी दिखाया था दम
मैच की शुरुआत आयरलैंड के टॉस हारकर पहले बैटिंग करने के साथ हुई थी। आयरिश टीम ने 50 ओवर के खेल में 9 विकेट के नुकसान पर 300 रन का स्कोर बनाया। टीम की ओर से हैरी टैक्टर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 113 रन बनाए।
कीवी टीम की ओर से ब्रेसवेल के अलावा मार्टिन गुप्टिल ने 51 रन की पारी खेली। दोनों टीमों के बीच अब दूसरा एकदिवसीय मैच मंगलवार 12 जुलाई को खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications