MI vs DC: दिल्ली के खिलाफ रोहित शर्मा ने रचा इतिहास, विराट कोहली के बाद किया ऐसा कमाल
MI vs DC Rohit Sharma: मुंबई इंडियंस के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस दोनों ने ही अपने टीम में कुछ बदलाव किए हैं। मुंबई इंडियंस की टीम में अफगानिस्तान के ऑलराउंडर खिलाड़ी मोहम्मद नबी की एंट्री हुई है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने भी ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज झाय रिचर्डसन को इस मुकाबले में खेलने का मौका दिया है।
ईशान-रोहित का धमाका
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और ईशान किशन ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी शुरू की। इन दोनों ही खिलाड़ियों ने पावर प्ले में 75 रन जोड़ लिए थे। 6 ओवर में ही मुंबई इंडियंस की टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए 75 रन बना लिए थे। मुंबई इंडियंस के पास दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ एक बड़ा स्कोर खड़ा करने का शानदार मौका है।

अर्धशतक से चूके रोहित शर्मा
मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा इस मुकाबले में जबरदस्त लय में नजर आए। उन्होंने पहले ओवर से ही दिल्ली के तेज गेंदबाजों पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। ईशांत शर्मा के पहले ही ओवर में रोहित शर्मा ने छक्का जड़कर अपने इरादे स्पष्ट कर दिए थे। इसके बाद खलील अहमद और अक्षर पटेल की गेंद को भी रोहित शर्मा ने बाउंड्री के पार भेजा। हालांकि रोहित शर्मा अर्धशतक बनाने से चूक गए और 49 के स्कोर पर पेवेलियन लौट गए।
रोहित शर्मा ने रचा इतिहास
अक्षर पटेल ने रोहित शर्मा को आउट कर दिल्ली कैपिटल्स को पहली सफलता दिलाई। अक्षर पटेल की गेंद पर रोहित शर्मा क्लीन बोल्ड होकर पवेलियन लौट गए। आउट होने के बावजूद रोहित शर्मा ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। आईपीएल इतिहास में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हजार रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में रोहित शर्मा का नाम शामिल हो चुका है।
रोहित शर्मा के अलावा यह कारनामा सिर्फ विराट कोहली ने ही किया था। विराट कोहली ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सबसे अधिक 1030 रन बनाए हैं। इस मुकाबले से पहले रोहित शर्मा को हजार रन पूरा करने के लिए 33 रनों की जरूरत थी। दिल्ली के खिलाफ 49 रनों की पारी खेल कर रोहित शर्मा ने इस रिकार्ड को अपने नाम कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications