BBL: सिर पर चोट लगने के बाद हॉस्पिटलाइज्ड क्रिकेटर की हेल्थ पर आया बड़ा अपडेट, बताया कैसी है तबीयत
बिग बैश लीग (BBL) की टीम मेलबर्न स्टार्स (Melbourne Stars) के विकेटकीपर सैम हार्पर (Sam Harper) को शुक्रवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर ट्रेनिंग सेशन के दौरान सिर में गंभीर चोट लग गई, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब मेलबर्न स्टार्स ने पुष्टि की है कि सैम हार्पर की हालत स्थिर बनी हुई है।
हार्पर को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड के नेट्स में ये चोट लगी थी। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने बताया कि जिन लोगों ने इस घटना को देखा, वे हैरान थे और भावुक नजक आए। ट्रेनिंग सेशन तुरंत रद्द कर दिया गया और हार्पर शनिवार को सिडनी सिक्सर्स के खिलाफ मैच में हिस्सा नहीं लेंगे।

ऑस्ट्रेलियाई रिपोर्टर टॉम मॉरिस के मुताबिक कुछ मौके पर मौजूद लोगों ने इस घटना को काफी 'भयानक' बताया। स्टार्स ने अब अपने एक्स अकाउंट पर एक बयान जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि नेट्स पर बल्लेबाजी करते समय हार्पर के सिर में चोट लग गई थी और उन्हें स्थिर हालत में अस्पताल ले जाया गया था।
स्टार्स ने बयान में कहा कि, 'सैम हार्पर को आज शाम एमसीजी में प्रशिक्षण के दौरान बल्लेबाजी करते समय सिर में चोट लग गई और बाद में उन्हें स्थिर हालत में अस्पताल ले जाया गया। हम आपसे अनुरोध करते हैं कि आप इस समय उनकी गोपनीयता का सम्मान करें। क्लब आगे की जानकारी मिलते ही आप तक पहुंचाएगा।'
सैम हार्पर का दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं का इतिहास
जब ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं की बात आती है तो हार्पर का एक इतिहास है। स्टार्स के विकेटकीपर एक बार 2020 में हरिकेंस के खिलाफ रेनेगेड्स के लिए खेलते समय नाथन एलिस के साथ बुरी टक्कर में शामिल थे। इस घटना से तीन साल पहले, शेफ़ील्ड शील्ड मैच के दौरान विकेटकीपिंग करते समय जेक लेहमैन का बल्ला हार्पर के सिर में लग गया था। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, हार्पर के अब तक के करियर में यह नौवीं ऐसी घटना थी, जिसमें वह शामिल रहे हैं। 27 साल के सैम हार्पर को अभी तक इंटरनेशनल डेब्यू का मौका नहीं मिला है।












Click it and Unblock the Notifications