अब कोई नहीं पूछेगा ऋषभ पंत के कंधे पर किसका हाथ था? सुलझ गया 4 साल पुराना रहस्य
कई सालों से जिस मिस्ट्री ने क्रिकेट फैंस को परेशान करके रख दिया था, वो सबसे बड़ा रहस्य आखिरकार सुलझ गया है। क्रिकेट फैंस के सामने कभी न कभी ये फोटो जरूर आया होगा, जिसमें भारतीय टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी, हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, ऋषभ पंत और मयंक अग्रवाल शामिल है। इस तस्वीर को लेकर अक्सर पूछा जाता है कि पंत के कंधे पर किस खिलाड़ी का हाथ रखा है। अब इस सवाल का जवाब मिल गया है।
दरअसल, जो लोग नहीं जानते उनके लिए बता दें कि ये तस्वीर इंग्लैंड में 2019 एक दिवसीय विश्व कप के दौरान खींची गई थी, जिसके बाद से ये मिस्ट्री शुरू हो गई और तस्वीर जल्द ही चर्चा का विषय बन गई और हर कोई बस यही सोच रहा था कि ऋषभ पंत के कंधे पर किसका हाथ है? और हाथ जिस तरह से रखा है, उससे सोचना भी जायज है।

जब इस सवाल का जवाब नहीं मिला तो सभी ने हार मान ली और सोच लिया कि यह रहस्य कभी नहीं सुलझेगा। इसके बाद मयंक अग्रवाल ने फैंस की मदद करने का मन बना लिया। मयंक अग्रवाल ने बताया है कि पंत के कंधे पर रखा हाथ किसी और का नहीं बल्कि उन्हीं का है।
ट्विटर (एक्स) पर फोटो शेयर करते हुए मयंक ने कैप्शन में लिखा कि, 'वर्षों के व्यापक शोध, बहस और अनगिनत षड्यंत्र सिद्धांतों के बाद, आखिरकार देश को बता देता हूं कि यह मेरा हाथ है, जो ऋषभ पंत के कंधे पर है। आपको फिर से बता दूं, कोई भी और अन्य सभी दावे भ्रामक हैं और सत्य नहीं हैं।' और इसके साथ ही आखिरकार चार साल बाद ही सही लेकिन पुरानी सभी अटकलों पर विराम लग गया।
जब इस तस्वीर को शेयर किया गया तो हार्दिक पंड्या ने कैप्शन दिया था, 'बॉयज डे आउट।' बस इसके बाद से ही पंत के कंधे पर रखे हाथ को लेकर अनुमान का सिलसिला शुरू हो गया। कुछ ने कहा कि इसमें मयंक अग्रवाल का हाथ होगा तो कुछ ने अनुमान लगाया कि पंत के पीछे कोई छिपा होगा। मयंक के जवाब के बाद ये बहस खत्म हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications