'भारत को हराने में बोला बल्ला, लेकिन...' नेहरा ने बताया GT के लिए क्यों फेल हुए थे वेड
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मंगलवार को मोहली में खेले गए तीन टी20 मैचों की सीरीज के पहले मुकबाले में टीम इंडिया को 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
नई दिल्ली, 21 सितंबर: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मंगलवार को मोहली में खेले गए तीन टी20 मैचों की सीरीज के पहले मुकबाले में टीम इंडिया को 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 208 रन बनाए। 209 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ने कैमरन ग्रीन की 30 गेंदों पर 61 और मैथ्यू वेड की 21 गेंदों पर नाबाद 45 रन की पारी की बदौलत 4 गेंद शेष रहते ही मैच को जीत लिया। अंतिम ओवर्स में वेड की पारी ने ऑस्ट्रेलिया को सीरीज में 1-0 की बढ़त दिलाई। 14.1 ओवर में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 145/5 था। टीम को जीत के लिए 29 गेंदों में 64 रन की दरकार थी।

आईपीएल में 104.68 का स्ट्राइक रेट
टिम डेविड ने मैथ्यू वेड का भरपूर साथ दिया। डेविड ने 14 गेंदों पर 18 रन की धीमी पारी खेली लेकिन दूसरी ओर वेड बड़े शॉट लगाते रहे। उनकी तूफानी पारी पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज आशीष नेहरा ने खुलकर बात की है। आईपीएल फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटंस में नेहरा ने विकेटकीपर बल्लेबाज वेड के खेल को करीब से देखा है। आईपीएल 2022 के 10 मैचों में वेड ने 104.68 के स्ट्राइक रेट से 157 रन बनाए थे। नेहरा ने आईपीएल में वेड के खराब प्रदर्शन और ऑस्ट्रेलिया के लिए शानदार पारी के संभावित कारणों के बारे में बताया।

निचले क्रम में खेलते हैं
क्रिकेबज से बातचीत में नेहरा ने कहा, "मैथ्यू वेड ने पूरे सीजन में संघर्ष किया। उन्होंने ओपन किया, 3 नंबर पर बल्लेबाजी की, लेकिन जब वह ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलते हैं तो 5 या 6 नंबर पर खेलते हैं। मुझे पिछले साल का टी 20 विश्व कप याद है जब उन्होंने शाहीन अफरीदी को दो छक्के मारे थे।" नेहरा ने कहा, "कैमरन ग्रीन को 5-6 पर खेलते हुए देखकर आपको हैरानी नहीं होगी। इसी तरह आपको भी आश्चर्य नहीं होता अगर वेड ऑस्ट्रेलिया के लिए ओपन करते। टी20 में बल्लेबाजी क्रम के साथ यही बात है। यह केवल इस बारे में है कि एक खिलाड़ी के लिए क्या क्लिक होता है और कब। वेड ऑस्ट्रेलियाई के लिए निचले क्रम में खेलते हैं, तो वह उस अनुभव का अच्छी तरह से उपयोग करते हैं।"

शॉट सिलेक्शन अच्छा था
पहले टी20 में वेड के खेल पर बात करते हुए नेहरा ने कहा कि ग्रीन ने ऑस्ट्रेलिया की जीत के लिए नींव रखी और वेड में आखिरी में आकर जीत उनकी झोली में डाल दी। नेहरा भी वेड के शॉट सिलेक्शन से काफी प्रभावित नजर आए। नेहरा ने कहा, "आज उसने मिडविकेट की दिशा में वह लैप शॉट खेला। आज उन्होंने जो 1-2 शॉट खेले, एक बार हर्षल पटेल के खिलाफ, जहां उन्होंने धीमी गेंद का इंतजार किया और उसे स्क्वायर लेग की ओर स्मैश किया। यह सब काफी अनुभव से आता है।" उन्होंने कहा, "ग्रीन ने ऑस्ट्रेलिया की जीत की नींव रखी थी, लेकिन आपको किसी ऐसे व्यक्ति की जरूरत थी जो मैच फिनिश कर सके। ऐसा लग रहा था कि अगर टारगेट 218 होता, तो भी वेड मैच जीत लेते।"












Click it and Unblock the Notifications