Mark Waugh: ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ने T20 WC 2022 के टॉप 5 खिलाड़ियों को चुना, बुमराह-शाहीन को दी जगह
टी20 विश्वकप 2022 शुरू होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले कई पूर्व खिलाड़ी अपने-अपने अनुभव के आधार पर टॉप 5 खिलाड़ी या फिर प्लेइंग 11 का सिलेक्शन कर रहे हैं।
नई दिल्ली, 28 सितंबर: टी20 विश्वकप 2022 शुरू होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले कई पूर्व खिलाड़ी अपने-अपने अनुभव के आधार पर टॉप 5 खिलाड़ी या फिर प्लेइंग 11 का सिलेक्शन कर रहे हैं। इसी बीच ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी मार्क वॉ ने टी20 विश्वकप के अगले सीजन के लिए शाहीन शाह अफरीदी और जसप्रीत बुमराह को टॉप 5 में जगह दी है। उन्होंने कहा कि बुमराह ऐसे गेंदबाज हैं जो पावरप्ले और डेथ ओवर्स में समान इफिसिएन्सी के साथ गेंदबाजी कर सकते हैं।

बुमराह की तारीफ की
वॉ ने कहा, "मुझे लगता है कि वह वास्तव में सभी फॉर्मेट में एक शानदार गेंदबाज हैं। टी20 क्रिकेट में विकेट लेने की उनकी क्षमता महत्वपूर्ण है। वह डेथ ओवर्स में गेंदबाजी कर सकते हैं और वह फ्रंट में भी गेंदबाजी कर सकते हैं।" वॉ ने शाहीन अफरीदी की तारीफ करते हुए कहा कि वह पाकिस्तान के गेंदबाजी अटैक का नेतृत्व करते हैं और अपने इन-स्विंगरों के साथ दाएं हाथ के खिलाड़ियों के लिए समस्या पैदा करने की क्षमता रखते हैं।

शाहीन विकेट टेकर गेंदबाज
उन्होंने कहा, "दूसरे छोर पर गेंदबाजी की शुरुआत करने के लिए हम पाकिस्तान के एक और महान गेंदबाज शाहीन अफरीदी के साथ जाएंगे। वह बाएं हाथ के जबरदस्त तेज गेंदबाज हैं।" वॉ ने कहा, "वह एक विकेट टेकर गेंदबाज हैं। वह टीम को मजबूती देते हैं। वह एक ऐसे प्लेयर हैं जिसको अन्य खिलाड़ी फॉलो करते हैं। वह एक बाएं हाथ के गेंदबाज हैं, इसलिए यह एक और अंतर है। इसलिए मैंने उसे दूसरे नंबर पर रखा है।"

बटलर को टॉप 5 में चुना
बुमराह और शाहीन के अलावा वॉ ने टॉप 5 के लिए अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान, ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल और इंग्लैंड के जोस बटलर को चुना। वॉ ने कहा कि बटलर इस समय दुनिया के शानदार टी20 बल्लेबाजों में से एक हैं। मुझे लगता है कि वह शायद टी20 फॉर्मेट में विश्व क्रिकेट में नंबर एक बल्लेबाज हैं। वॉ ने खेल के लिमिटेड ओवर्स फॉर्मेट में वास्तविक गेम-चेंजर होने के लिए मैक्सवेल की तारीफ की। वॉ ने कहा, "ग्लेन मैक्सवेल ऐसे खिलाड़ी हैं जो आपको मैदान में और बल्ले से मैच जीत सकते हैं।"

राशिद बल्लेबाजी भी कर सकते
राशिद के बारे में वॉ ने कहा कि वह ना सिर्फ गेंद से शानदार प्रदर्शन करते हैं बल्कि बल्ले से भी योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा, "वह शायद दो या तीन विकेट प्राप्त करेंगे और 20 रन भी बनाएंगे। वह बल्लेबाजी कर सकते हैं। वह गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचा सकते हैं।" बता दें कि ऑस्ट्रेलिया में 16 अक्टूबर से टी20 विश्वकप 2022 की शुरुआत होने वाली है। 13 नवंबर तक चलने वाले क्रिकेट के इस महाकुंभ में भारत अपना पहला मैच पाकिस्तान के खिलाफ 23 अक्टूबर को खेलेगा। यह मुकाबला मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications