LSG vs SRH: लखनऊ और हैदराबाद के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला, जानें कौन-से बल्लेबाज करेंगे ताबड़तोड़ बैटिंग
इंडियन प्रीमियर लीग के 10वें मैच में आज लखनऊ सुपर जाइंट्स अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद से भिड़ेगी। दोनों टीमें अपनी जीत सुनिश्चित करने की उम्मीद के साथ मैदान में उतरेंगी।

IPL 2023, LSG vs SRH Match Prediction: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2023) का 10वां मैच आज लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद के बीच लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला आज शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। लखनऊ और हैदराबाद की टीम अपना एक-एक मैच हारने के बाद आज जीत की उम्मीद के साथ एक दूसरे के आमने-सामने होंगी। दोनों टीमें अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए नेट प्रैक्टिस के दौरान जमकर पसीना बहा चुकी हैं। आइए जानते हैं आज के मैच में किन तीन खिलाड़ियों के बल्ले से सबसे अधिक रन बनने की उम्मीद है।
दो मैचों में काइल मेयर्स खेल चुके हैं अर्धशतकीय पारी
क्विंटन डिकॉक की गैर मौजूदगी में कप्तान केएल राहुल और टीम लखनऊ को काइल मेयर्स से काफी उम्मीदें रहेंगी। काइल ने दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई के खिलाफ आक्रामक पारियां खेलीं। उन्होंने दिल्ली के खिलाफ 38 गेंदों में ताबड़तोड़ 73 रन की मैच विनिंग पारी खेली। इसके बाद काइल रुके नहीं और अगले मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ भी उन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए महज 22 गेंद में 53 रन की जबरदस्त अर्धशतकीय पारी खेली थी। काइल मेयर्स ने शुरुआती दो पारियों में अर्धशतक जड़कर साबित कर दिया है कि टीम के लिए उनका बल्ला जबकि चलेगा, तब चौके और छक्कों के साथ रनों की बारिश होना लगभग तय है।
क्विंटन डी कॉक की वापसी कर सकती है कमाल
लखनऊ की टीम में ही दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज और विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक की वापसी हो चुकी है, जिन्होंने हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 में तूफानी शतक जड़ा था। आईपीएल 2022 में राहुल और डी कॉक ने सबसे अधिक रन बनाए थे। 15वें सीजन में दोनों ने 500 से अधिक रन बनाए। ऐसे में कप्तान केएल राहुल के साथ डिकॉक ओपनिंग करते नजर आ सकते हैं, उनकी फार्म को देखकर पूरी उम्मीद है कि क्विंटन डी कॉक ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के साथ आईपीएल के 16वें सीजन में अपनी दमदार शुरूआत कर सकते हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद की रफ्तार बढ़ा सकते हैं एडेन मार्करम
सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल की शुरुआत बेशक हार के साथ के, लेकिन आज का मुकाबला कुछ अलग हो सकता है, क्योंकि एडेन मार्करम की वापसी हो चुकी है, जोकि जबरदस्त फार्म में चल रहे हैं। मार्करम की कप्तानी में सनराइजर्स ईस्टर्न केप ने बेहतरीन जीत दर्ज की है। साउथ अफ्रीका में खेली जा रही इस टी20 लीग में सनराइर्स ईस्टर्न केप ने कमाल परफॉर्मेंस की और उसमें सबसे ऊपर कप्तान एडेन मार्करम रहे। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने टीम को जीत दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी और अपनी टीम को चैंपियन बनाकर ही दम लिया। एडेन मार्करम ने सनराइजर्स के लिए सबसे ज्यादा 366 रन बनाए और11 विकेट भी हासिल किए। फिलहाल, इतना तय मान लीजिए की अगर आज इस क्रिकेटर का बल्ला चल गया तो परिणाम बदलते देर नहीं लगेगी।
लखनऊ सुपर जायंट्स की संभावित प्लेइंग 11
केएल राहुल , क्विंटन डी कॉक, दीपक हुड्डा, क्रुणाल पांड्या, काइल मेयर्स, निकोलस पूरन, आयुष बडोनी, रवि बिश्नोई, मार्क वुड, जयदेव उनादकट/यश ठाकुर, आवेश खान।
सनराइजर्स हैदराबाद की संभावित प्लेइंग 11
अभिषेक शर्मा, मयंक अग्रवाल, राहुल त्रिपाठी, एडेन मार्करम, हैरी ब्रूक, ग्लेन फिलिप्स, मार्को येन्सन, वाशिंगटन सुंदर, भुवनेश्वर कुमार, उमरान मलिक, टी नटराजन












Click it and Unblock the Notifications