9000 रन बनाने वाले दिग्गज का करियर एक मिनट में खत्म, ज़िम्बाब्वे क्रिकेट की अहम घोषणा, कारण जान पकड़ लेंगे सिर
जिम्बाब्वे क्रिकेट ने मंगलवार को एक चौंकाने वाली घोषणा करते हुए अनुभवी ऑलराउंडर और पूर्व कप्तान सीन विलियम्स का अंतरराष्ट्रीय करियर समाप्त करने का फैसला लिया है। यह हैरान करने वाली जानकारी है लेकिन हकीकत में ऐसा ही हुआ है।
बोर्ड ने पुष्टि की है कि विलियम्स नशीली दवाओं (ड्रग्स) की लत से जूझ रहे हैं, जिस कारण उन्हें राष्ट्रीय टीम से बाहर कर दिया गया है। यह भी बताया गया है कि अब उनको वापस कभी खेलने का मौका नहीं मिलेगा। एक ख़ास मौके पर यह खुलासा हुआ और बोर्ड ने तुरंत फैसला लिया।

यह फैसला तब लिया गया जब 39 वर्षीय विलियम्स ने आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप अफ्रीका क्वालिफायर 2025 टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले टीम से अपना नाम वापस ले लिया। सूत्रों के अनुसार, खिलाड़ियों का एंटी-डोपिंग टेस्ट होना था, और विलियम्स ने इसी दौरान बोर्ड को सूचित किया कि वह ड्रग की लत से जूझ रहे हैं।
जिम्बाब्वे क्रिकेट ने इस खुलासे पर गंभीर चिंता जताई है और टीम की छवि तथा भविष्य को देखते हुए एक सख्त रुख अपनाया है। बोर्ड ने अपने बयान में कहा कि भले ही सीन विलियम्स ने स्वेच्छा से रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम में शामिल होने का कदम उठाया है, लेकिन टीम के अनुशासन और मानकों को बनाए रखने के लिए यह आवश्यक है कि उन्हें अब भविष्य में राष्ट्रीय चयन के लिए नहीं चुना जाएगा। उनका केंद्रीय अनुबंध भी 31 दिसंबर 2025 के बाद नवीनीकृत नहीं होगा।
बाएं हाथ के शानदार बल्लेबाज और उपयोगी स्पिन गेंदबाज, सीन विलियम्स जिम्बाब्वे क्रिकेट के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में से एक थे। उन्होंने दो दशकों तक देश का प्रतिनिधित्व किया और कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। उनका यह हटना, एक शानदार करियर का दुखद और अचानक हुआ अंत है, जिसने क्रिकेट जगत को स्तब्ध कर दिया है।
उन्होंने अब तक 24 टेस्ट मैचों में 1946 रन बनाए हैं, जिसमें 6 शतक और 7 अर्धशतक शामिल हैं, जबकि उनका औसत 45.25 का रहा। वनडे क्रिकेट में विलियम्स ने 164 मैचों में 5217 रन ठोके हैं, जिसमें 8 शतक और 37 फिफ्टी शामिल हैं, औसत 37.53 और स्ट्राइक रेट 86.95 रहा। वहीं टी20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने 85 मैचों में 1805 रन बनाए हैं, जिसमें 12 अर्धशतक भी शामिल हैं। उनके नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में करीबन 9000 रन हैं। 39 साल के इस खिलाड़ी ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 161 विकेट भी झटके हैं।












Click it and Unblock the Notifications