लाहौर कलंदर्स ने दूसरी बार जीता PSL का खिताब, शाहीन अफरीदी गेंद और बल्ले दोनों से रहे जीत के सुपरहीरो
पाकिस्तान सुपर लीग के फाइनल में लाहौर कलंदर्स ने मुल्तान सुल्तांस को 1 रन से हरा दिया। लाहौर पीएसएल की दूसरी बार चैंपियन बनी है। शाहीन अफरीदी इस टीम के कप्तान हैं।

पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) के आठवें सीजन का खिताब लाहौर कलंदर्स ने जीत लिया है। शनिवार रात लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में लाहौर कलंदर्स ने मुल्तान सुल्तांस के खिलाफ रोमांचक जीत दर्ज की। इस जीत के रोमांच का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मुल्तान सुल्तांस की टीम को आखिरी 1 गेंद पर 4 रन की जरूरत थी, लेकिन मुल्तान के खिलाड़ी खुशदिल शाह और अब्बास अफरीदी आखिरी गेंद पर 2 ही रन ले पाए। तीसरा रन लेने की कोशिश में शाहीन अफरीदी ने खुशदिल को रन आउट कर दिया और लाहौर कलंदर्स ने यह मैच 1 रन से जीत लिया। आपको बता दें कि शाहीन अफरीदी की कप्तानी में लाहौर की टीम ने दूसरी बार यह खिताब जीता है।
शाहीन अफरीदी रहे इस जीत के हीरो
लाहौर कलंदर्स की इस शानदार जीत में कई खिलाड़ियों का अहम योगदान रहा, लेकिन टीम के कप्तान शाहीन अफरीदी ने पहले बल्ले से और फिर गेंद से कमाल का प्रदर्शन किया। शाहीन अफरीदी ने बैटिंग के दौरान 15 गेंदों में 44 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान अफरीदी ने 293 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 2 चौके और 5 छक्के लगाए। बैटिंग में धमाल मचाने के बाद शाहीन अफरीदी गेंद के साथ भी खतरनाक साबित हुए। उन्होंने अपने 4 ओवर के स्पेल में 51 रन देकर 4 विकेट झटके। शाहीन अफरीदी को उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
लाहौर ने दिया था 201 रन का लक्ष्य
आपको बता दें कि लाहौर कलंदर्स की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। लाहौर की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 200 रन बना दिए थे। लाहौर की ओर से अब्दुल्ला शफीक ने सबसे अधिक 40 गेंदों में 65 रन की पारी खेली थी। शफीक ने अपनी पारी में 8 चौके और 2 छक्के लगाए थे। इसके बाद शाहीन अफरीदी ने 15 गेंदों में 44 रन ठोककर लाहौर को एक अच्छा फिनिश दिया। लाहौर के सलामी बल्लेबाजी मिर्जा बेग ने 30 और फखर जमान ने 39 रन बनाए। गेंदबाजी में मुल्तान की ओर से ओसामा मीर ने सबसे अधिक 3 विकेट लिए थे।
जवाब में 201 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुल्तान सुल्तांस की टीम लक्ष्य से सिर्फ 1 रन दूर रह गई। मुल्तान की ओर से राइली रूसो जीत के लिए लड़ते हुए दिखे। उन्होंने 32 गेंदों में 52 रन की पारी खेली थी। रूसो ने अपनी पारी में 7 चौके और 2 छक्के लगाए। कप्तान मोहम्मद रिजवान बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। उन्होंने 23 गेंदों में 34 रन का योगदान दिया। अंत में खुशदिल शाह ने 12 गेंदों में 25 रन बनाकर जीत की आस जरूर जगाई थी, लेकिन उनकी टीम जीत की दहलीज पर जाकर उससे दूर रह गई।












Click it and Unblock the Notifications