कुलदीप यादव की शादी का क्या हुआ? नवंबर में जश्न की खबर के बावजूद क्यों नहीं हुई मैरिज?
Kuldeep Yadav: टीम इंडिया के स्पिनर कुलदीप यादव की शादी को लेकर पिछले कुछ हफ़्तों से लगातार चर्चाएँ चल रही थीं। खबरें यह तक आ गई थीं कि वह शादी की वजह से गुवाहाटी टेस्ट मिस कर सकते हैं और इसके लिए उन्होंने बीसीसीआई से छुट्टी भी मांगी है। लेकिन गुवाहाटी टेस्ट में उनकी उपस्थिति ने सभी अटकलों पर विराम लगा दिया।
इसके बाद अनुमान लगाए गए कि कुलदीप यादव शायद दिसंबर के पहले हफ़्ते में शादी कर सकते हैं और वनडे सीरीज से बाहर रहेंगे। लेकिन इस अटकल को भी ब्रेक तब मिला जब वनडे सीरीज के लिए घोषित टीम में कुलदीप का नाम शामिल था। तीन मैचों की यह सीरीज 6 दिसंबर को समाप्त हो जाएगी।

कुछ दिनों में होगी तस्वीर साफ़
अब सवाल यह है कि कुलदीप आगे क्या करेंगे? टी20 सीरीज के दौरान उनकी उपलब्धता से यह तस्वीर और साफ़ होगी। अगर कुलदीप की शादी दिसंबर में ही होनी है, तो उनके पास सिर्फ शुरुआती दिनों का समय रहेगा। क्योंकि 16 दिसंबर से मल मास शुरू हो रहा है, और इस अवधि में एक महीने तक शादियाँ नहीं होतीं।
ऐसे में कुलदीप यादव की शादी की वास्तविक तारीख का इंतजार अभी भी बरकरार है, और फैंस की नज़रें अब उनके टी20 शेड्यूल पर टिकी हैं। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर तो वह टी20 सीरीज के दौरान टीम में शामिल नहीं थे। अगर टी20 सीरीज में उनको अब भी नहीं चुना जाता है, तो एक बार फिर से अटकलों का बाजार गर्म हो जाएगा।
फ़िलहाल तो यही खबर है कि वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन एकदिवसीय मैचों की सीरीज खेलने के लिए तैयार हैं। टीम इंडिया के साथ कुलदीप यादव रांची में हैं। शादी जैसा कुछ भी होगा, तो खबरें सामने आ ही जाएंगी।
कौन हैं कुलदीप यादव की मंगेतर
कुलदीप यादव की मंगेतर वंशिका लखनऊ की रहने वाली हैं और दोनों बचपन से एक-दूसरे को जानते हैं। जून 2025 में दोनों ने परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में सगाई की थी। वंशिका LIC में काम करती हैं और क्रिकेटर कुलदीप की निजी जिंदगी से जुड़ी चर्चाओं में पहली बार उसी सगाई के बाद सामने आईं। दोनों की लंबे समय की दोस्ती रही है।












Click it and Unblock the Notifications