Asia Cup 2022: इन खिलाड़ियों का हो सकता है ये आखिरी एशिया कप, कोहली सहित लिस्ट में कई दिग्गज शामिल
एशिया कप 2022 के लिए टीम इंडिया सहित बाकी टीमों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। शनिवार 27 अगस्त से एशिया कप का आगाज होना है। एशिया कप का पहला मुकाबला श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच खेला जाएगा।
नई दिल्ली, 25 अगस्त। एशिया कप 2022 के लिए टीम इंडिया सहित बाकी टीमों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। शनिवार 27 अगस्त से एशिया कप का आगाज होना है। एशिया कप का पहला मुकाबला श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच खेला जाएगा। श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका को एशिया कप से पहले ही बड़ा झटका लगा है। टीम के तेज गेंदबाज दुष्मंत चमीरा एशिया कप से बाहर गए हैं। ऐसे कुछ खिलाड़ी हैं जिनके लिए एशिया कप का यह सीजन आखिरी साबित हो सकता है।

विराट कोहली के लिए हो सकता है आखिरी एशिया कप
भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली का प्रदर्शन पिछले कुछ समय से उम्मीद के विपरित रहा है। वह बल्ले से लगातार रन बनाने में नाकाम साबित हो रहे हैं। हालांकि, क्रिकेट के कई दिग्गजों को उम्मीद है कि विराट कोहली एशिया कप में लय में लौट आएंगे। हो सकता है कोहली का यह आखिरी एशिया कप का सीजन हो। आने वाले समय में कोहली टी-20 क्रिकेट को छोड़ सकते हैं। ये बात अलग है कि आईपीएल में वह आगे भी फैंस का मनोरंजन करते दिखेंगे। लेकिन बढ़ते दबाव के कारण वह टी-20 से ब्रेक ले सकते हैं। क्योंकि टेस्ट क्रिकेट ऐसा फॉर्मेट है जिससे कोहली को सबसे अधिक प्यार है, लिहाजा आने वाले दिनों में अगर किसी एक फॉर्मेट को छोड़ने की बात होगी तो कोहली टी-20 फॉर्मेट से ब्रेक ले सकते हैं।

मुशफिकुर रहीम के लिए आगे खेलना मुश्किल
बांग्लादेशी मिडलऑर्डर बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम पिछले 10 साल से अधिक समय से टीम की रीढ़ की हड्डी बने हुए हैं। लेकिन उनकी उम्र बढ़ने के साथ यह मुश्किल लग रहा है कि वह इस फॉर्मेट में आगे और लंबे समय तक खेल सकेंगे। आने वाले समय में बीसीबी लिटन दास जैसे युवा विकेटकीपर विकल्पों को देखेगा जिनके पास टीम के लिए बेहतर करने का शानदार मौका है। इसलिए, हो सकता है कि मुशफिकुर रहीम 2022 में अपना आखिरी एशिया कप खेल रहे हों। शाकिब अल हसन और मुशफिकुर रहीम ने लगभग 15 वर्षों तक बांग्लादेश टीम के लिए खेलने का काम किया है।

मोहम्मद नबी जल्द ले सकते हैं संन्यास
अफगानिस्तान के दिग्गज ऑलराउंडर मोहम्मद नबी टी-20 क्रिकेट के विशेषज्ञ माने जाते हैं। वह फ्रीलांस लीग क्रिकेट में पिछले दो साल से पिछले 5 ओवरों में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करने वाले खिलाड़ी रहे हैं। वह डेथ ओवरों में 172 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हैं। नबी एशिया कप में अफगान टीम के कप्तान के तौर पर नजर आएंगे। लेकिन उनकी उम्र काफी अधिक हो गई है और ऐसा माना जा रहा है कि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से जल्द ही संन्यास ले सकते हैं।

एशिया कप का आगाज 27 अगस्त से
डिफेंडिंग चैंपियन भारत की कोशिश इस बार भी खिताब अपने नाम करने की होगी। भारत को इसके लिए सबसे पहले पाकिस्तान के खिलाफ जीत हासिल करनी होगी। भारत और पाकिस्तान जब आखिरी बार भिड़ी थी तो पाकिस्तान ने भारत को दस विकेट से हराया था। ऐसे में रोहित शर्मा की टीम पर इस मुकाबले से पहले दबाव होगा। बता दें कि 27 अगस्त यानी शनिवार को एशिया कप का पहला मुकाबला खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications