‘मैं वापस आकर थक गया हूं’, आखिर क्यों एशिया कप से पहले KL Rahul ने दिया ये बयान, जानें पूरा मामला
हरारे में खेले गए आखिरी वनडे मैच में भारत ने जिम्बाब्वे को 13 रन से हराकर 3-0 से सीरीज अपने नाम की। इसके साथ ही केएल राहुल (KL Rahul) ने भी बतौर कप्तान भारत के लिए अपनी पहली सीरीज जीती।
नई दिल्ली, 23 अगस्त: हरारे में खेले गए आखिरी वनडे मैच में भारत ने जिम्बाब्वे को 13 रन से हराकर 3-0 से सीरीज अपने नाम की। इसके साथ ही केएल राहुल (KL Rahul) ने भी बतौर कप्तान भारत के लिए अपनी पहली सीरीज जीती। इस सीरीज के लिए राहुल की टीम में सरप्राइज एंट्री हुई थी और धवन की जगह उनको कप्तान भी बना दिया गया था। पूरी सीरीज में उनका बल्ला भले ही ना बोला हो लेकिन कप्तानी अच्छी रही। हालांकि, सीरीज जीतने के बाद राहुल ने ऐसा कुछ कहा जो चर्चा का विषय बन गया है।

मैं थक गया हूं
3-0 से जिम्बाब्वे का सूपड़ा साफ करने के बाद केएल राहुल ने पोस्ट मैच सेरेमनी में कहा, ''लगभग 120 ओवर फील्डिंग की। फिर बल्लेबाजी के लिए भी कुछ वक्त मिला। मैं दो महीनों के बाद वापसी करके थोड़ा थका हुआ महसूस कर रहा हूं। लेकिन, हम सब भारत के लिए खेलते हुए यही करना चाहते हैं।''
बता दें कि राहुल ने आईपीएल-15 के बाद जिम्बाब्वे दौरे ही पहला मैच खेला। इसी बीच पहले वो ग्रोइंग इंजरी फिर वेस्टइंडीज दौरे से पहले कोरोना का चपेट में आ गए थे। ऐसे में दो महीने से ज्यादा समय के बाद वापसी करने उनके लिए आसान नहीं था।

जिम्बाब्वे की हुई तारीफ
27 वर्षीय राहुल ने जिम्बाब्वे की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, ''हम इस मौके का फायदा उठाना आए थे और इसमें सफल रहे। हम चाह रहे थे कि मैदान पर रहते हुए काफी कुछ सीखा जाए। आज के मैच को हम पहले खत्म करना चाहते थे, लेकिन विपक्षी टीम ने हमें ऐसा नहीं करने दिया। उन्होंने मैच को आखिर तक खींचा। इस मुकाबले में गेंदबाजों का भी टेस्ट हुआ। अच्छी बात यह रही कि उन्होंने आखिर तक अपने ऊपर भरोसा रखा और इसी वजह से नतीजा भारत के हक में आया।''

कप्तानी में 3 जीत, 3 हार
बतौर वनडे कप्तान केएल राहुल की ये दूसरी ही वनडे सीरीज थी। इससे पहले साल की शुरुआत में रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में उनको साउथ अफ्रीका दौरे पर 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम की कमान सौंपी गई थी, लेकिन टीम इंडिया तीनों मुकाबला हार गई। वनडे सीरीज से पहले केएल ने जोहान्सबर्ग टेस्ट में भी भारत की कप्तानी की थी और टीम 7 विकेट से हार गई थी। हालांकि, जिम्बाब्वे दौरे पर राहुल ने बतौर कप्तान अपना खाता खोला और क्लीन स्वीप भी करने में सफल रहे।

बल्ले से रहे फ्लॉप
एशिया कप से पहले फैंस को जिम्बाब्वे के खिलाफ उनसे बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वो दो पारियों में केवल 31 रन ही बना सके। सीरीज के पहले मैच में केएल राहुल ओपनिंग के लिए नहीं आए थे और उन्होंने खुद को नंबर 4 पर बैटिंग के लिए रखा था, लेकिन दूसरे मैच में उन्होंने उपकप्तान शिखर धवन के साथ पारी की शुरुआत की और 5 गेंदों में 1 रन बनाकर आउट हो गए। तीसरे मुकाबले में उनको अच्छा स्टार्ट जरूर मिला, लेकिन वह बड़ी पारी नहीं खेल सके। आखिरी मैच में राहुल 46 गेंदों पर 30 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अपनी पारी में उन्होंने एक चौका और एक छक्का जमाया।

एशिया कप में दिखाना होगा दम
जिम्बाब्वे के खिलाफ मिली जीत के बाद केएल राहुल एशिया कप के लिए टीम में शामिल आवेश खान और दीपक हुड्डा के साथ दुबई के लिए रवाना हो गए हैं। टूर्नामेंट में भारत अपना पहला मुकाबला चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के खिलाफ दुबई के दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेलेगा। इस टूर्नामेंट में टीम मैनेजमेंट को उपकप्तान केएल राहुल से मैच जिताऊ प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। खुद राहुल भी आगामी टी20 वर्ल्ड कप से पहले अपनी खोई हुई लय हासिल करना चाहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications