IND vs PAK: केएल राहुल का पाकिस्तान के खिलाफ नया रिकॉर्ड, सचिन-सहवाग के क्लब में शामिल
India vs Pakistan: केएल राहुल ने वनडे में वापसी उस तरह की है जिसकी कल्पना भी किसी ने नहीं की होगी। राहुल ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए ताबड़तोड़ बैटिंग की और शतक जमा दिया। वनडे क्रिकेट में यह उनका छठा शतक है। कोहली ने भी उनके साथ शतक जड़ा।
एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ शतक जड़ने वाले भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में केएल राहुल ने अपना नाम दर्ज करवा लिया। वह 106 गेंदों का सामना कर 111 रन बनाकर नाबाद लौटे। एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ शतक जड़ने वाले वह पांचवें भारतीय हैं।

उन्होंने एलिट लिस्ट में अपना नाम शामिल करवा लिया। इसमें सचिन तेंदुलकर, वीरेंदर सहवाग, शिखर धवन और रोहित शर्मा जैसे नाम शामिल हैं। केएल राहुल पांचवें और विराट कोहली छठे बल्लेबाज बन गए। केएल राहुल ने चोट के बाद वापसी करते हुए धाकड़ बैटिंग की।
विराट कोहली ने केएल राहुल से भी तेज बल्लेबाजी की। उन्होंने वनडे क्रिकेट में अपने 13 हज़ार रन भी पूरे किये। इस आंकड़े तक वह सबसे तेज पहुंचे हैं। सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड कोहली ने तोड़ दिया। कोहली के बल्ले से एकदिवसीय क्रिकेट में यह 47वां शतक आया।
राहुल और कोहली ने साझेदारी के मामले में भी एक रिकॉर्ड बना दिया। एशिया कप इतिहास में तीसरे विकेट के लिए सबसे बड़ी भागीदारी का रिकॉर्ड इन दोनों ने बना दिया। कोहली और केएल राहुल के बीच तीसरे विकेट के लिए 233 रनों की अविजित भागीदारी देखने को मिली।
टीम इंडिया ने पाकिस्तान के खिलाफ 2 विकेट पर 356 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। भारत के लिए राहुल और कोहली के नाबाद शतक आए। रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने बतौर ओपनर खेलते हुए अर्धशतक जमाए। इस तरह सभी चारों बल्लेबाजों ने रन ठोके। पाकिस्तान के सभी गेंदबाज महंगे साबित हुए। शाहीन अफरीदी को 79 रन पड़े। हारिस रऊफ चोट की वजह से गेंदबाजी करने के लिए नहीं आए। वह कल 5 ओवर डालने में सफल रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications