Kapil Dev Birthday: 40 साल बाद भी कायम है कपिल देव का धांसू रिकॉर्ड, कई खिलाड़ी देख चुके तोड़ने का सपना
Kapil Dev Birthday: भारतीय टीम के पूर्व वर्ल्ड कप विनर कप्तान कपिल देव आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। उनका 66वां जन्मदिन है। टीम इंडिया को वेस्टइंडीज के खिलाफ 1983 के वर्ल्ड कप फाइनल में जीत दिलाकर पहली बार ख़िताब दिलाने वाले कपिल देव धाकड़ ऑल राउंडर थे।
भारतीय टीम को कपिल देव जैसा तेज गेंदबाजी ऑल राउंडर अब तक नहीं मिला। तूफानी अंदाज में बल्ला चलाने वाले कपिल गेंदबाजी में भी अपनी धार से विपक्षी बल्लेबाजों की धज्जियां उड़ाते थे। गेंदबाजी में उनका जलवा दिखाई देता था। उनके नाम एक ऐसा रिकॉर्ड है, जो चालीस सालों से बरकरार है।

1983 के अहमदाबाद टेस्ट मैच में कपिल देव ने धांसू गेंदबाजी करते हुए एक कीर्तिमान स्थापित किया था। वह आज भी उनके ही नाम है। अन्य कोई गेंदबाज उस आंकड़े तक नहीं पहुँच पाया। कपिल देव ने वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी यूनिट को ध्वस्त कर दिया था।
Kapil Dev ने किया था धमाका
मुकाबले की दूसरी पारी में कपिल ने अपनी गेंदबाजी से कहर बरपाते हुए 83 रन खर्च करते हुए कुल 9 विकेट झटके थे। टेस्ट क्रिकेट में किसी भी कप्तान का यह बेस्ट गेंदबाजी प्रदर्शन है। कपिल देव ने यह कीर्तिमान अपने नाम किया था, जो अब तक कायम है।
Kapil Dev ने किया इनको आउट
कपिल देव ने अपने अभियान की शुरुआत गॉर्डन ग्रीनिज को बोल्ड करते हुए की थी। इसके बाद विवियन रिचर्ड्स, लेरी गोम्स, गस लोगी, क्लाइव लॉयड, जेफ़ डूजोन, मैल्कम मार्शल, वेव डेनियल, माइकल होल्डिंग आदि प्लेयर्स को आउट कर दिया था।
कपिल देव का कीर्तिमान बरकरार
कपिल देव का यह कीर्तिमान कोई भी कप्तान नहीं तोड़ पाया है। हालांकि कुछ खिलाड़ी इसके करीब जरूर आए थे लेकिन तोड़ने में नाकाम रहे थे। पाकिस्तान के इमरान खान और श्रीलंका के रंगना हेराथ ने 8-8 विकेट अपने नाम किये थे। दोनों कपिल के करीब आए थे लेकिन कीर्तिमान नहीं तोड़ पाए थे।
करियर में ऐसे रहे हैं आंकड़े
अपने टेस्ट करियर में कपिल ने कुल 131 मुकाबले खेलते हुए 434 विकेट झटके थे। इसके अलावा बल्ले से उन्होंने 5248 रन भी बनाए थे। इस दौरान 8 शतक और 27 अर्धशतक उनके नाम रहे।












Click it and Unblock the Notifications