वर्ल्ड कप से पहले न्यूजीलैंड के लिए राहत भरी खबर, केन विलियमसन की वापसी पर मिला बड़ा अपडेट
ICC Cricket World Cup 2023: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप की शुरुआत 5 अक्टूबर से होने जा रही है। टूर्नामेंट का फाइनल मैच 19 नवंबर को अहमदाबाद में खेला जाएगा। टूर्नामेंट में शामिल होने से पहले न्यूजीलैंड को केन विलियमसन की हेल्थ को लेकर एक अच्छी खबर मिली है।
दरअसल, विलियमसन इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2023) के दौरान लगी घुटने की चोट से रिकवरी करने के लिए रिहैब से गुजर रहे हैं। अप्रैल में गुजरात टाइटन्स के लिए फील्डिंग करते समय 32 वर्षीय खिलाड़ी का एंटीरियर क्रूसिएट लिगामेंट (ACL) टूट गया था और बाद में रिहैब शुरू करने से पहले न्यूजीलैंड में उनकी सर्जरी हुई थी।

ब्लैककैप्स द्वारा शेयर किए गए लेटेस्ट वीडियो में विलियमसन ने अपने रिहैब पर अपडेट देते हुए कहा कि, 'कुछ लोगों और कुछ नए चेहरों को देखकर बहुत अच्छा लगा। हां, टीम कैम्प का इंतजार कर रहा हूं। घर पर और साथ ही कुछ ट्रेनिंग करने के बाद अच्छा महसूस कर रहा हूं।'
दाएं हाथ के बल्लेबाज ने आगे कहा कि, 'बाइक (साइकिल) पर फिटनेस सेशन करना और आगे बढ़ना अच्छा लगता है। मैं अपने मूवमेंट में बेहतर हो रहा हूं, कुछ हद तक बल्लेबाजी कर पा रहा हूं, लेकिन हां, अभी भी थोड़ा काम करना बाकी है। तो, बस कड़ी मेहनत जारी है।'
दरअसल, विलियमसन की वापसी कीवी टीम के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। वह 2019 विश्व कप में टीम के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे, उन्होंने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुने जाने से पहले 82.57 की औसत से 578 रन बनाए, जिसमें दो शतक और इतने ही अर्द्धशतक शामिल थे।
न्यूजीलैंड के मुख्य कोच गैरी स्टीड ने केन विलियमसन के रिहैबिलिटेशन की सराहना की है। उन्होंने कहा कि, 'उसे हाथ में बल्ला लिए हुए और फिर से गेंदें मारते हुए देखकर अच्छा लगा। मैं कहूंगा कि यह उस स्तर पर सही नहीं है जिस स्तर पर उसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करना है, हालांकि, वह निश्चित रूप से ठीक होने की राह पर है।'
न्यूजीलैंड की टीम अपने 2023 वनडे विश्व कप अभियान की शुरुआत 5 अक्टूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 2019 चैंपियन इंग्लैंड के खिलाफ करेगी।












Click it and Unblock the Notifications