Kane Williamson Retirement: केन विलियमसन ने टी-20 से लिया संन्यास, क्या वनडे और टेस्ट खेलेंगे?
Kane Williamson Retirement: न्यूजीलैंड क्रिकेट के महान खिलाड़ी और लंबे समय तक कप्तान रहे केन विलियमसन ने बड़ा फैसला लिया है। 2 नवंबर यानी रविवार को केन विलियमसन ने टी-20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। यह फैसला ऐसे समय आया है जब टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में केवल चार महीने बाकी हैं। हालांकि, विलियमसन ने साफ कर दिया है कि वह वनडे और टेस्ट क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे।
वर्ल्ड कप से पहले लिया संन्यास (Kane Williamson Retirement)
केन विलियमसन ने अपने टी-20 करियर का अंत न्यूजीलैंड के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी के रूप में किया है। उन्होंने 93 मैचों में कुल 2575 रन बनाए हैं। टी-20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद से ही उन्होंने इस फॉर्मेट में अपनी भागीदारी कम कर दी थी। अब उन्होंने पूरी तरह से बागडोर स्पिनर मिचेल सेंटनर को सौंप दी है। केन विलियमसन ने न्यूजीलैंड के लिए टी-20 में कई मैच विनिंग पारी खेली है।

ऐसा रहा विलियमसन का टी-20 करियर
विलियमसन ने 93 में से 75 टी-20 मैचों में न्यूजीलैंड की कप्तानी की। उनके नेतृत्व में कीवी टीम ने इस फॉर्मेट में गजब की निरंतरता दिखाई। टीम ने 2016 और 2022 टी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल तक का सफर तय किया और 2021 में फाइनल में भी जगह बनाई। हालांकि, वह टीम को कोई बड़ी आईसीसी ट्रॉफी नहीं जिता पाए। लेकिन टीम के लिए उनका प्रदर्शन दमदार रहा।
संन्यास पर विलियमसन ने कही ये बात
अपने संन्यास पर विलियमसन ने कहा कि यह उनके और टीम के लिए सही समय है। उन्होंने कहा कि उनका यह कदम 2026 टी-20 वर्ल्ड कप की तैयारी कर रही टीम के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि मुझे लंबे समय तक इसका हिस्सा बनना बहुत पसंद था और मैं सभी यादों और अनुभवों के लिए बहुत आभारी हूं। यह मेरे और टीम के लिए सही समय है। यह टीम को आगे की सीरीज और अगले बड़े लक्ष्य, जो कि T20 विश्व कप है, के लिए स्पष्टता देता है।
उन्होंने आगे कहा कि टीम में बहुत टी-20 प्रतिभा है। आने वाला समय इन खिलाड़ियों को वर्ल्ड कप के लिए तैयार करने के लिए अहम होगा। मिच एक शानदार कप्तान और लीडर हैं। वह वास्तव में इस टीम के साथ अपने दम पर आए हैं। अब इस फॉर्मेट में ब्लैककैप्स को आगे बढ़ाने का उनका समय है और मैं दूर से समर्थन करता रहूंगा। भले ही वह दुनिया भर की टी-20 फ्रेंचाइजी लीग्स में खेलना जारी रखेंगे, लेकिन आईपीएल में उनके खेलने का करियर भी लगभग समाप्त हो चुका है। हाल ही में वह लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ एक रणनीतिक सलाहकार के रूप में जुड़े हैं।












Click it and Unblock the Notifications